पीलीभीत: अज्ञात वाहन की टक्कर से बरेली के युवक की मौत, सड़क किनारे पड़ा मिला
बीसलपुर-बरेली मार्ग पर रविवार रात अज्ञात वाहन की टक्कर से बरेली निवासी वीरेश की मौत हो गई। परिजन के मुताबिक वीरेश रविवार रात खाना खाने के बाद टहलने निकले थे। काफी देर तक घर न लौटने पर परिजनों ने तलाश शुरू की तो वे सड़क किनारे पड़े मिले।
विस्तार
पीलीभीत जिले में बीसलपुर-बरेली मार्ग पर गांव रिछोला सबल के पास पेट्रोल पंप के नजदीक रविवार रात अज्ञात वाहन की टक्कर से बरेली निवासी युवक की मौत हो गई। युवक सड़क किनारे घायल और बेहोशी की हालत में पड़ा मिला था। परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
बरेली के थाना भुता क्षेत्र के गांव शेखीपुर निवासी वीरेश सिंह (27) पुत्र श्याम बहादुर सिंह रविवार रात खाना खाने के बाद घर से टहलने निकले थे। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। इसी दौरान सूचना मिली कि बीसलपुर-बरेली मार्ग पर रिछोला सबल के पास पेट्रोल पंप के नजदीक एक युवक घायल अवस्था में पड़ा है। परिजन मौके पर पहुंचे तो उसकी पहचान वीरेश के रूप में हुई।
किसी भारी वाहन की चपेट में आने की आशंका
आशंका जताई जा रही है कि किसी भारी वाहन की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर कोतवाल संजीव शुक्ला स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
वीरेश चार भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर थे। उनकी अभी शादी नहीं हुई थी। बेटे की मौत से मां मीना देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। सोमवार सुबह गांव के तमाम लोग शोक जताने उनके घर पहुंचे। सीओ राहुल पांडेय ने बताया कि मामले में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। कोतवाली पुलिस को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।