Pilibhit News: तहसील में पेट्रोल लेकर आत्मदाह करने पहुंची महिला, तब कब्जामुक्त हुई जमीन
महिला की जमीन पर दबंगों ने अवैध कब्जा कर लिया था। इसकी शिकायत लेकर महिला कई दिनों से चक्कर काट रही थी। मंगलवार को वह पेट्रोल लेकर तहसील पहुंच गई और आत्महत्या करने की चेतावनी दी। इसके बाद अधिकारियों ने उसकी सुनवाई और मौके पर जाकर जमीन को कब्जामुक्त करवाया।
विस्तार
पीलीभीत के बीसलपुर में अवैध कब्जे की शिकायत पर कार्रवाई न होने से नाराज महिला मंगलवार सुबह बोतल में पेट्रोल लेकर तहसील पहुंची। उसने जब हंगामा किया तो सरकारी अमला हरकत में आया। तत्काल महिला की शिकायत का निस्तारण करते हुए उसकी जमीन कब्जामुक्त करा दी गई।
मोहल्ला रामनगर निवासी मुन्नी देवी पत्नी रीतराम ने बताया कि उनके पति बाहर रहकर नौकरी करते हैं। वह यहां पर अकेली रहती हैं। चौसर पड़िया क्षेत्र में स्थित उनके भूखंड के कुछ हिस्सों पर तीन दबंगों ने 30 नवंबर को कब्जा कर लिया था। दबंग उनकी जमीन पर नींव भरने लगे।
कई दिनों से लगा रही थीं चक्कर
मुन्नी देवी ने जब विरोध किया तो दबंगों ने उन्हें धमकाकर भगा दिया। इसके बाद मुन्नी देवी ने प्रशासनिक और पुलिस के स्थानीय अधिकारियों के कई चक्कर लगाए लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद मुन्नी देवी ने सोमवार को लखनऊ जाकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलने का प्रयास किया।
मुख्यमंत्री के गोरखपुर चले जाने के कारण उनकी मुख्यमंत्री से मुलाकात नहीं हो सकी। मुन्नी देवी मुख्यमंत्री कार्यालय में अपना प्रार्थना पत्र दे आईं। मुन्नी देवी मंगलवार को सुबह 10:30 बजे पेट्रोल भरी बोतल लेकर तहसील परिसर में आत्मदाह करने के इरादे से पहुंची।
उस समय तहसील में उपजिलाधिकारी, तहसीलदार और नायब तहसीलदार में से कोई भी अधिकारी मौजूद नहीं था। मुन्नी देवी तहसील परिसर में आत्मदाह करने का एलान करते हुए पेट्रोल अपने ऊपर छिड़कने जा रही थीं, तभी राजस्व कर्मचारियों ने उनसे पेट्रोल भरी बोतल छीन ली।
उपजिलाधिकारी ने सुनी शिकायत
सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। मौके पर काफी भीड़ लग गई थी। कुछ देर बाद उपजिलाधिकारी महीपाल सिंह ने मौके पर पहुंचकर मुन्नी देवी से पूरे मामले की जानकारी ली। इसके बाद उपजिलाधिकारी के निर्देश पर नायब तहसीलदार रमेश चंद्र, राजस्व और पुलिस कर्मियों के साथ महिला को लेकर मौके पर पहुंचे।
राजस्व टीम ने राजस्व अभिलेखों के हिसाब से महिला के भूखंड की नापजोख की। स्पष्ट हुआ कि महिला के भूखंड के कुछ हिस्से पर दबंगों ने कब्जा कर रखा है। राजस्व टीम ने कब्जे को तत्काल हटवा दिया। टीम ने दबंगों को दोबारा ऐसी हरकत करने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी। इस कार्रवाई के बाद महिला संतुष्ट हो गई तब अधिकारियों ने राहत की सांस ली।
उपजिलाधिकारी महीपाल सिंह ने बताया कि महिला के भूखंड से दबंगों का कब्जा हटवा दिया गया है। महिला से कहा गया है कि यदि वह दबंगों के विरुद्ध पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराना चाहे तो करा सकती है।