पीलीभीत में सनसनीखेज वारदात: मां ने रुपये वापस मांगे तो बेटे ने गला दबाकर मार डाला, छत से फेंका शव; गिरफ्तार
पीलीभीत के बीसलपुर कोतवाली क्षेत्र में हत्या की सनसनीखेज वारदात हुई है। एक युवक ने रुपयों को लेकर हुए विवाद के बाद अपनी मां को मार डाला। इसके बाद उनके शव को छत से फेंक दिया।
विस्तार
पीलीभीत के बीसलपुर कोतवाली क्षेत्र में जमीन बेचने से मिले करीब सात लाख रुपये में से छह लाख खर्च करने वाले नसरुल्लापुर निवासी विकास ने रकम वापस मांगने पर अपनी मां सुनीता (51) की गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद शव छत से खेत में फेंक दिया। शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने उसे पकड़कर रस्सी से बांध दिया। सूचना पर आई पुलिस ने आरोपी विकास को गिरफ्तार कर लिया।
सुनीता के पति रामप्रताप गंगवार ने बताया कि अगस्त के पहले सप्ताह में उन्होंने अपनी तीन बीघा जमीन सात लाख 30 हजार रुपये में बेची थी। इससे मिली रकम उन्होंने बेटे विकास के यूनियन बैंक की बीसलपुर शाखा के खाते में जमा कर दी थी। विकास ने इसमें से छह लाख रुपये निकालकर खर्च कर दिए। इसकी जानकारी होने पर उन्होंने और पत्नी सुनीता देवी ने उसे रकम के बारे में टोका।
परिजनों के मुताबिक, सुनीता देवी को लगता था कि विकास ने छह लाख रुपये निकालकर कहीं सुरक्षित रख दिए हैं। वह लगातार उससे रुपये वापस लाने का दबाव बना रही थीं। बुधवार को भी उन्होंने बेटे से रुपये वापस करने को कहा। इस पर दोनों के बीच कहासुनी हुई।
घसीट कर छत पर ले गया था शव
रामप्रताप ने बताया कि रात करीब 9:30 बजे विकास ने आंगन में पास में ही दूसरी चारपाई पर सो रहीं सुनीता देवी की गला दबाकर हत्या कर दी। फिर शव घसीटकर 12 फुट ऊंची छत पर ले गया और वहां से पड़ोसी के खेत में फेंक दिया। इसके बाद खुद ही चिल्लाकर बताया कि उसने अपनी मां को मार दिया।
इस पर घर के बाहर पशुशाला में सो रहे रामप्रताप और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उसे बांध दिया। सूचना पर सीओ राहुल पांडेय कोतवाली पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और विकास को गिरफ्तार करके ले गए। एसपी सुकीर्ति माधव ने बताया कि आरोपी विकास को गिरफ्तार कर लिया गया है। रुपये को लेकर टोकने पर आरोपी ने घटना को अंजाम दिया।
गांव में चर्चा, पिता को फंसाने के लिए छत से फेंका
मां की गला दबाकर हत्या के बाद आरोपी पुत्र उससे घीसटकर छत पर ले गया और नीचे फेंक दिया। परिजन के अनुसार, पुत्र के चीखने पर लोग एकत्र हुए। इधर गांव में चर्चा रही कि पुत्र ने हत्या के बाद पिता को फंसाने के लिए शव को नीचे खेत में फेंका। हालांकि पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने ऐसी कोई बात स्वीकार नहीं की। पोस्टमाॅर्टम रिपोर्ट में छत से फेंकने से गहरी चोट लगने से मौत की पुष्टि हुई है।
सीओ राहुल पांडेय ने बताया कि रुपये के लालच में आकर आरोपी ने यह कदम उठाया है। उसके खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले में विवेचना कर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।