युवक की हत्या: शराब पीने के लिए बेचा पड्डा, गुस्साईं पत्नी ने डंडे से पीट पीटकर पति को मार डाला
पीलीभीत में एक महिला ने अपने पति को डंडे से इतना पीटा, जिससे उसकी मौत हो गई। बताया गया है कि पति शराब पीने का आदी था। उसने शराब के लिए पड्डा बेच दिया था। इससे गुस्साईं पत्नी ने उसकी हत्या कर दी।
विस्तार
पीलीभीत के हजारा थाना क्षेत्र में पड्डा (भैंस का बच्चा) बेचकर शराब पीने से नाराज पत्नी ने डंडे से पीट-पीटकर पति की हत्या कर दी। मामले में मृतक रामकिशन के भाई चुनमुन ने भाभी सीमा देवी के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
हजारा थाना क्षेत्र के गांव जनता फार्म कबीरगंज में रहने वाले रामकिशन (46) की पत्नी सीमा देवी ने भैंस पाली थी। उसके पड्डे को तीन दिन पहले रामकिशन ने साढ़े नौ हजार में बेच दिया था। रामकिशन ने रुपये पत्नी को नहीं दिए। इसी बात को लेकर रामकिशन का पत्नी सीमा से रविवार शाम को विवाद हो गया।
विवाद बढ़ने पर सीमा ने रामकिशन की डंडे से पिटाई कर दी। इससे रामकिशन घायल हो गया। कुछ घंटे बाद उसकी मौत हो गई। रामकिशन के भाई चुनमुन ने उसकी पत्नी सीमा के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की।
नशे का आदी था युवक
इंस्पेक्टर मनोज मिश्रा ने बताया कि जांच में पता चला है कि रामकिशन नशे का आदी था। पड्डे बेचकर मिली रकम से वह दो दिन से लगातार शराब पी रहा था। इसको लेकर पति-पत्नी में विवाद हो गया था।
सीमा ने अपने पति की डंडे से पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई। रामकिशन के भाई चुनमुन की ओर से सीमा के खिलाफ गैरइरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। रामकिशन के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।