{"_id":"6888764f08f0e3c12e092bee","slug":"villagers-caught-suspicious-man-at-early-morning-in-pilibhit-2025-07-29","type":"story","status":"publish","title_hn":"UP: पीलीभीत में ग्रामीणों ने सुबह-सुबह पकड़ा संदिग्ध युवक, पॉलिथीन में रखी थीं गर्म रोटियां और उबले आलू","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
UP: पीलीभीत में ग्रामीणों ने सुबह-सुबह पकड़ा संदिग्ध युवक, पॉलिथीन में रखी थीं गर्म रोटियां और उबले आलू
Tue, 29 Jul 2025 12:52 PM IST
मुकेश कुमार
संवाद न्यूज एजेंसी, पीलीभीत
संवाद न्यूज एजेंसी, पीलीभीत
Published by: मुकेश कुमार
Updated Tue, 29 Jul 2025 12:52 PM IST
सार
गांव-गांव ड्रोन चोर का शोर मच रहा है। संदिग्ध पकड़े जा रहे हैं। इसी तरह का मामला पीलीभीत के गजरौला क्षेत्र से सामने आया है। यहां ग्रामीणों ने सुबह-सुबह एक संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। इसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया।
विज्ञापन
ग्रामीणों ने युवक को पुलिस के हवाले किया
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विस्तार
पीलीभीत के गजरौला थाना क्षेत्र के गांव पिपरिया करम में मंगलवार तड़के एक संदिग्ध युवक को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने युवक को नशेड़ी बताया तो ग्रामीण भड़क गए। नाराज ग्रामीणों ने थाने का घेराव कर हाईवे पर जाम लगाने का प्रयास किया। बाद में पुलिस के आश्वासन पर मामला शांत हुआ। पुलिस संदिग्ध युवक से पूछताछ कर रही है।
विज्ञापन
गजरौला थाना क्षेत्र में इन दिनों ड्रोन देखे जाने व चोरों का शोर मचा हुआ है, जिससे ग्रामीणों में दहशत है। मंगलवार सुबह करीब चार बजे गांव पिपरिया करम निवासी लखविंदर सिंह जागे तो उन्होंने घर की दीवार के पास एक युवक को खड़ा देखा। शोर मचाने पर गांव के लोग इकट्ठा हो गए और उसे पकड़ लिया। तलाशी में उसके पास से गरम रोटियां, उबले हुए आलू और गांजा बरामद हुआ।
विज्ञापन
युवक ने अपना नाम सूरज बताया
पकड़े गए युवक ने अपना नाम सूरज निषाद और गांव रामपुर दुल्लाह बताया। रोटियों के बारे में पूछा तो कहा कि उसने खुद ही बनाई हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे नशेड़ी माना। इसी बात से ग्रामीण भड़क गए और थाने पहुंचकर कार्रवाई की मांग करने लगे। सैकड़ों ग्रामीणों ने गजरौला थाने का घेराव किया और हाईवे पर जाम लगाने का प्रयास किया।
विज्ञापन
यह भी पढ़ें- UP: अफवाहों के पंख से उड़ान भर रहा दहशत का ड्रोन...चोर समझ चार भाइयों को पीटा; अब वायरल चिट्ठी में लिखी ये बात
सूचना पाकर आसपास के गांवों से भी लोग मौके पर पहुंचे। पुलिस ने किसी तरह समझाकर भीड़ को शांत किया और जांच का आश्वासन दिया। लखविंदर सिंह ने थाने में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उनके भाई दलजीत सिंह ने संदिग्ध को दौड़ाकर पकड़ा और पुलिस को सौंपा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। संदिग्ध की गतिविधियों की छानबीन की जा रही है।