पीलीभीत टाइगर रिजर्व: पीटीआर में नियमों का फिर उल्लंघन, प्रतिबंधित क्षेत्र में थार से घूमे पशु चिकित्सक
पीलीभीत टाइगर रिजर्व में बाघ और वन्यजीवों की सुरक्षा के लिहाज से निजी वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध है। इसके बावजूद नियम टूट रहे हैं। जिम्मेदार लोग भी निजी वाहन लेकर पहुंच रहे हैं।
विस्तार
पीलीभीत टाइगर रिजर्व में एनटीसीए (राष्ट्रीय बाघ प्राधिकरण) के नियम का फिर उल्लंघन हुआ है। प्रतिबंधित क्षेत्र में निजी वाहनों की धड़ल्ले से आवाजाही हो रही है। कुछ दिन पहले राज्यमंत्री के काफिले का वीडियो वायरल होने के बाद अब पीलीभीत टाइगर रिजर्व के पशु चिकित्सक डॉ. दक्ष गंगवार का थार से घूमने का वीडियो वायरल हुआ है।
पीलीभीत टाइगर रिजर्व में तैनात पशु चिकित्सक डॉ. दक्ष गंगवार ने शनिवार की सुबह करीब 8:30 बजे एक वीडियो अपने फेसबुक एकाउंट पर अपलोड किया। वीडियो में थार गाड़ी पीटीआर के प्रतिबंधित क्षेत्र में दौड़ती दिख रही है। एक अन्य निजी गाड़ी से वीडियो बनाया जा रहा है। दूसरी गाड़ी का कुछ हिस्सा भी वीडियो में नजर आता है। गाड़ी की लाइटें भी जलाई जा रही हैं।
मामले में डॉ. दक्ष गंगवार का कहना है कि वीडियो पुराना है। क्या उन्हें निजी गाड़ी से घूमने की छूट है.., इस सवाल पर वह चुप्पी साध गए। डीएफओ मनीष सिंह ने बताया कि अभी जानकारी में नहीं है। पता कराते हैं। शुक्रवार को तो डॉक्टर आए नहीं थे।
निजी वाहनों पर है प्रतिबंध
पीलीभीत टाइगर रिजर्व में एनटीसीए के नियमों का पालन कराया जाता है। पर्यटन के दौरान गाइडलाइन जारी की जाती है। बाघ और वन्यजीवों की सुरक्षा के लिहाज से निजी वाहनों पर प्रतिबंध लगाने के साथ ही जंगल सफारी के वाहनों पर भी कई नियम लागू किए जाते हैं। इसके बावजूद निजी वाहनों की आवाजाही जारी है।