Pilibhit News: तालाब की जमीन पर अवैध कब्जे को लेकर दो पक्ष भिड़े, जमकर हुई मारपीट, लहराई रिवॉल्वर
कस्बा बरखेड़ा में गाटा संख्या 46 नगर पंचायत के अभिलेखों में तालाब के रूप में दर्ज है। इस भूमि पर लंबे समय से कब्जा चल रहा है। इसे लेकर सोमवार को दो पक्षों के लोग भिड़ गए। मारपीट हो गई।
विस्तार
पीलीभीत के थाना बरखेड़ा क्षेत्र में तालाब की जमीन पर अवैध कब्जे को लेकर दो पक्ष आमने सामने आ गए। दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। एक पक्ष का आरोप है कि जान से मारने के नियत से युवक ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर तानी। इस सारे मामले का वीडियो भी वायरल हुआ है। दोनों पक्षों ने मामले की तहरीर थाना पुलिस को दी है।
कस्बा बरखेड़ा में गाटा संख्या 46 नगर पंचायत के अभिलेखों में तालाब के रूप में दर्ज है। इस भूमि पर पिछले काफी लंबे समय से कब्जा चल रहा है। इसमें लगभग 18 लोगों के खिलाफ भूमाफिया एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई। यह जमीन पिछले कुछ दिनों से ज्यादा ही विवादों में चल रही है।
ये भी पढ़ें- धीरेंद्र शास्त्री को मारने की धमकी: बरेली के युवक ने इंस्टाग्राम पर लिखा- बाबा की मौत मंडरा रही है; गिरफ्तार
सोमवार को लल्ला उर्फ इस्माइल पक्ष के लोग उक्त जमीन पर कुछ काम करा रहे थे। इसी दौरान दूसरे पक्ष के मोहम्मद अहमद उर्फ फौजी अपने कुछ साथियों के साथ उसके घर में अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर लेकर घुस गया और जान से मारने के नियत से उनके साथ मारपीट की। इससे उसकी पत्नी शहाना गंभीर रूप से घायल हो गई।
उक्त घटना का किसी ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। इधर दूसरे पक्ष की शबाना पत्नी मोहम्मद अहमद ने बताया कि चांद मिंया, मोहम्मद इस्माइल पक्ष के कुछ लोगों ने घर में घुसकर मारपीट की और छेड़खानी की। दोनों पक्षों ने मामले की तहरीर थाना पुलिस को दे दी है।
लेखपाल के संरक्षण में हो गया बबाल
पिछले काफी दिनों से यह जगह विवादों में चल रही है। बरखेड़ा विधायक स्वामी प्रवक्तानंद व कई हिंदू संगठनों ने पूर्व में भी मामले की शिकायत की। मगर हल्का लेखपाल की मिलीभगत से अभी तक इस भूमि पर अवैध रूप से निर्माण कराया जा रहा है, जो सोमवार को लड़ाई में तब्दील हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक पक्ष को लेखपाल का पूरा संरक्षण दिया जा रहा है।
पुलिस कार्रवाई में करती रही देरी
सोमवार को हुए विवाद में बरखेड़ा पुलिस की भूमिका भी संदिग्ध नजर आई। एक पक्ष के चोटें होने के बाद भी दोपहर तीन बजे तक उसका मेडिकल नहीं कराया गया। दूसरे पक्ष का युवक मजबूत पकड़ रखने के साथ रूपयों से भी मामले की निपटाने में लगा रहा। इसी युवक ने कुछ दिन पूर्व भी जांच के दौरान जमकर हंगामा काटा था।