यूपी में बड़ा हादसा: ट्रक की चपेट में आकर दो भाइयों की मौत, 20 मीटर तक घिसटती गई ट्रक में फंसी बाइक
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक 20 मीटर से अधिक दूरी तक घिसटती चली गई। हादसे में शिवम की मौके पर ही मौत हो गई।
विस्तार
यूपी के पीलीभीत स्थित बीसलपुर-बरखेड़ा मार्ग पर शनिवार रात ट्रक की चपेट में आकर बाइक सवार गांव नारायणपुर निवासी शिवम और उसके तहेरे भाई विकास की मौत हो गई। विकास ने बरखेड़ा सीएचसी में इलाज के दौरान दम तोड़ा। हादसे इतना भीषण था कि युवकों की बाइक ट्रक के नीचे फंसकर काफी दूर तक घिसटती चली गई। सूचना पर पहुंची ने जांच पड़ताल की।
बरखेड़ा थाना के गांव नारायनपुर निवासी शिवम (20) पुत्र गया प्रसाद अपने तहेरे भाई विकास (17) पुत्र हरिशंकर के साथ बाइक से बरखेड़ा की ओर से गांव जा रहा था। शनिवार रात करीब आठ बजे उसकी बाइक बीसलपुर मार्ग पर पतरसिया पेट्रोल पंप के समीप तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गई। दोनों भाई ट्रक के नीचे आ गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक 20 मीटर से अधिक दूरी तक घिसटती चली गई। हादसे में शिवम की मौके पर ही मौत हो गई। विकास गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे का पता चलते ही घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने ट्रक को रोक लिया।
सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घायल को सीएचसी बरखेड़ा भेजा गया है। जहां विकास ने भी दम तोड़ दिया। उधर, हादसे का पता चलते ही मृतक के परिजन भी सीएचसी पहुंच गए। पुलिस ने चालक को कब्जे में लिया है। ग्रामीण एक घंटे से अधिक समय से ट्रक को रोके हैं। पुलिस ग्रामीणों को समझाने में जुटी है।