पीलीभीत: सराफा दुकान में चोरी की कोशिश, छत से कूदा चोर, खींचतान में व्यापारी भी गिरा, दोनों के पैर टूटे
बरखेड़ा में सोमवार रात सराफा दुकान में चोरी की कोशिश की गई। इस दौरान चोर और व्यापारी दोनों छत से गिरकर घायल हो गए। दोनों के पैर में फ्रैक्चर हो गया।
विस्तार
पीलीभीत के बरखेड़ा कस्बे के ब्लॉक तिराहे पर सोमवार रात सराफा दुकान में चोरी की कोशिश की गई। दुकान की छत पर दो बदमाशों के छिपे होने की जानकारी मिलने पर पहुंचे व्यापारी ने एक को पकड़ लिया। इस पर आरोपी ने छत से छलांग लगा दी। इस दौरान हुई खींचतान में व्यापारी भी छत से नीचे गिर गए। हादसे में चोर और व्यापारी दोनों के पैर टूट गए। पुलिस ने घायल आरोपी को अभिरक्षा में जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। व्यापारी का भी उपचार चल रहा है।
ग्राम पतरसिया निवासी रजनीश की ब्लॉक तिराहे पर सोने-चांदी की दुकान है। सोमवार रात करीब नौ बजे दुकान बंद कर वह घर चले गए थे। इस बीच आसपास के दुकानदारों ने फोन कर बताया कि उनकी दुकान की छत पर दो संदिग्ध युवक मौजूद हैं। सूचना मिलते ही रजनीश मौके पर पहुंचे और छत पर जाकर देखा तो दोनों युवक वहां छिपे मिले। व्यापारी को सामने देखकर दोनों भागने लगे। एक आरोपी पीछे के रास्ते से फरार हो गया, जबकि दूसरे को रजनीश ने दौड़ाकर पकड़ लिया। आरोपी ने छत से नीचे छलांग लगा दी। इसी दौरान हुई खींचतान में व्यापारी का संतुलन बिगड़ गया और वह भी नीचे गिर पड़े।
पुलिस ने दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया
ऊंचाई से गिरने के कारण आरोपी के दाहिने पैर की हड्डी टूट गई, जबकि व्यापारी का बायां पैर फ्रैक्चर हो गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरखेड़ा ले गई। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
घायल आरोपी की पहचान छोटा उर्फ अजीज निवासी ग्यासपुर, पीलीभीत के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उसके खिलाफ पहले से चोरी समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। उसका पुलिस अभिरक्षा में इलाज चल रहा है। सीओ राहुल पांडेय ने बताया कि पुलिस फरार दूसरे आरोपी की तलाश और मामले की जांच कर रही है।