UP: तराई बना रन-वे...फर्जी वीजा से भरी जा रही उड़ान, विदेश भेजने के नाम पर कई लोगों से हो चुकी है ठगी
अमेरिका से पीलीभीत के पूरनपुर निवासी गुरप्रीत को वापस भेजे जाने के बाद तराई में फर्जी वीजा और युवाओं को गुमराह कर गलत तरीके से विदेश भेजने का खेल एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पीलीभीत के पूरनपुर निवासी गुरप्रीत सिंह को इंग्लैंड भेजा गया था। लेकिन, फीस न जमा करने पर उसे स्कूल से निकाल दिया। इसके बाद ही उसने डंकी रूट के जरिये अमेरिका जाने का निर्णय लिया और कई मुश्किलें झेलीं। गुरप्रीत ही नहीं कई युवा विदेश भेजने वालों के जाल में फंस चुके हैं। जनवरी में जिले के अलग-अलग थानों में विदेश भेजने के नाम पर ठगी के कई मामले भी दर्ज हुए।
पीलीभीत के पूरनपुर और लखीमपुर जिले का काफी बड़ा हिस्सा जंगल और नेपाल सीमा से जुड़ा है। नेपाल की खुली सीमा से बेरोक-टोक आवाजाही भी हो रही है। सुबह से रात तक लोग भारत से नेपाल और नेपाल से भारत आते हैं। वहीं अब पूरनपुर क्षेत्र में फर्जी वीजा का खेल भी अपनी जड़ें जमा रहा है। इस तरह के कई मामले भी सामने आ चुके हैं। कुछ माह पूर्व घुंघचाई क्षेत्र के एक प्रधान ने फर्जी पासपोर्ट बनाए जाने की शिकायत भी दर्ज कराई थी। सीओ पूरनपुर ने मामले की जांच भी की।
ये भी पढ़ें- खुलासा: क्यों US सैनिकों ने हाथों में हथकड़ी और पैरों में पहनाई थी बेड़ी, जानें वापस लौटे गुरप्रीत की जुबानी
मामले कई, जिम्मेदार इस खेल पर मौन
पिछले छह माह में जिले के अलग-अलग थानों में फर्जी वीजा के नाम पर ठगी के कई मुकदमे दर्ज हो चुके हैं। किसी को आस्ट्रेलिया का फर्जी वीजा थमाया गया, तो किसी को जार्जिया भेज दिया गया। दिल्ली के एयरपोर्ट पर भी फर्जी वीजा का खेल पकड़ा गया। आरोपी पीलीभीत का निवासी था। इन सब मामलों के सामने आने के बाद भी जिम्मेदार इस खेल को उजागर करने में मौन हैं।
टूरिस्ट वीजा पर भेज दिया दुबई
थाना सुनगढ़ी के नौगवां पकड़िया निवासी आबिद ने 20 जनवरी को कोर्ट के आदेश से पूरनपुर के मोहल्ला साहूकारा निवासी रिजवान पर मुकदमा दर्ज कराया। बताया कि आरोपी ने उसे विदेश भेजकर नौकरी दिलाने का झांसा दिया और टूरिस्ट वीजा पर दुबई भेज दिया। दो माह काम कराने के बाद कंपनी ने उसे बाहर निकाल दिया। काफी मुश्किलों के बाद वह घर आ सके। आरोपी ने उससे 2.20 लाख रुपये ठग लिए।
फर्जी वीजा से भेजा ऑस्ट्रेलिया
माधोटांडा थाने के गांव मथना जप्ती निवासी जितेंद्र सिंह को भेजने के नाम पर आरोपी ने 19.30 लाख रुपये ठग लिए। फर्जी वीजा बनाकर ऑस्ट्रेलिया भेज दिया। ऑस्ट्रेलिया पहुंचते ही उसे एयरपोर्ट पर पकड़ लिया गया और वापस भेज दिया। जितेंद्र ने 12 जनवरी को एसपी के आदेश पर माधोटांडा थाने में मुकदमा दर्ज कराया।
5.50 लाख ठगे, फर्जी वीजा से भेज दिया जार्जिया
जालसाजों ने पलिया के सुभाषनगर निवासी अमर सिंह को यूरोप भेजने का झांसा दिया। कई बार में 5.50 लाख रुपये लिए। जार्जिया का फर्जी विजिट वीजा बनाकर भेज दिया। जार्जिया एयरपोर्ट से अमरसिंह को वापस भेज दिया। अमरसिंह ने नवंबर में पूरनपुर के आईलेट संचालक पर केस दर्ज कराया था।
20 लाख ठगे, बना दिया फर्जी वीजा
उत्तराखंड के सितारगंज थाना के मैनाझुंडी निवासी सुखदेव सिंह ने भी फर्जी बनाए जाने के संबंध में 17 नवंबर को गजरौला थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बताया कि आरोपियों ने पुत्र को आस्ट्रेलिया भेजने के नाम पर करीब 20 लाख रुपये ठगे और फर्जी वीजा मोबाइल पर भेजा। इसी तरह फर्जी वीजा के कई अन्य मामले भी सामने आए।