पीलीभीत: रक्षाबंधन के लिए रोडवेज ने की खास तैयारी, छह दिन चलेंगी अतिरिक्त बसें
रक्षाबंधन पर्व पर परिवहन निगम ने 26 से 31 अगस्त तक रोडवेज बसों की संख्या बढ़ाने का निर्णय लिया है। बहनों की सुरक्षित यात्रा के लिए अतिरिक्त फेरे लगाए जाएंगे। दिल्ली मार्ग पर 40 की जगह 60 बसें चलेंगी। अन्य प्रमुख मार्गों पर भी बसों की संख्या बढ़ाई जाएगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पीलीभीत में रक्षाबंधन पर्व पर लंबे और स्थायी मार्गों पर भीड़ के बीच भटकाव की स्थिति न हो, इसके लिए परिवहन निगम ने बहनों की सुरक्षित सफर कराने के लिए तैयारी शुरू कर दी है। इसके तहत 26 से 31 अगस्त के बीच रोडवेज बसों की संख्या बढ़ाने के साथ अतिरिक्त फेरे भी लगवाने की व्यवस्था की गई है।
रक्षाबंधन पर रोडवेज बसों में यात्रियों की भीड़ सामान्य दिनों की अपेक्षा अधिक रहती है। इसे देखते हुए उपलब्ध बसों का बेहतर उपयोग करने और जरूरत के अनुसार अतिरिक्त फेरे लगाने की योजना बनाई जा रही है। चालक-परिचालकों को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है, जिससे वे पर्व के दौरान अधिक जिम्मेदारी और बेहतर समन्वय के साथ बसों का संचालन करें।
अधिकारियों का कहना है कि बहनों को मायके पहुंचने में किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए बस संचालन पर विशेष नजर रखी जाएगी। पर्व के दौरान प्रमुख मार्गों और अधिक भीड़ वाले रूटों पर यात्रियों की जरूरत के अनुसार बसें उपलब्ध कराने का प्रयास रहेगा। रोडवेज अधिकारियों की ओर से चालक-परिचालकों को निर्धारित मार्ग और समय के अनुसार बसों का संचालन करने के निर्देश दिए जा रहे हैं। साथ ही यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने पर जोर है।
दिल्ली मार्ग व स्थानीय मार्गों पर चलेंगी अतिरिक्त बसें
विभागीय आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली मार्ग पर यात्रियों की संख्या अधिक रहती है। ऐसे में दिल्ली मार्ग पर 40 बसों की अपेक्षा 60 बसों का संचालन किया जाएगा। इसके अलावा पूरनपुर मार्ग पर छह के सापेक्ष आठ और बीसलपुर मार्ग पर छह के सापेक्ष आठ बसों को संचालित किया जाएगा। वहीं, कानपुर एक की जगह दो व लखनऊ दो की जगह तीन बसों का संचालन किया जाएगा। इसके अलावा इन मार्गों पर यात्रियों की संख्या बढ़ने पर यहां पर अतिरिक्त बसों का संचालन किया जाएगा।
इस तरह रहेगी कर्मियों की ड्यूटी
28 अगस्त को पड़ने वाले रक्षाबंधन के पर्व को लेकर डिपो के वर्कशॉप पर कर्मचारियों की अलग से ड्यूटी लगाई जाएगी। इसके साथ ही डिपो से निकलने वाली बसों की टेस्टिंग के बाद मार्ग पर भेजा जाएगा, जिससे रास्ते में बसों में मौजूद यात्रियों को किसी तरह की कोई दिक्कत न हो। इसको लेकर दिशा निर्देश जारी कर दिए हैं।
कर्मचारियों को किया जाएगा प्रोत्साहित
शासन की ओर से आदेश जारी किया गया है। इसमें 26 अगस्त से 31 अगस्त तक छह दिवसीय विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसमें चालक-परिचालकों को 1800 किमी पूरा करने पर 1200 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। इसके साथ ही क्षेत्रीय कार्यशाला में कार्यरत कर्मचारियों को पांच सौ रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। वहीं, 64 प्रतिशत से अधिक लोड फैक्टर लाने वाले कर्मचारियों को भी प्रोत्साहित किया जाएगा।
पिछले वर्ष 30 हजार से अधिक लोगों ने किया सफर
विभागीय आंकड़ों के मुताबिक, पिछले वर्ष करीब 30 हजार से अधिक लोगों ने रक्षाबंधन पर्व पर रोडवेज की बसों पर सफर किया। इसमें करीब नौ हजार से अधिक बहनों की संख्या रही।
चौराहे पर रहेगी कर्मचारियों की तैनाती
रोडवेज डिपो पर पर्याप्त जगह न होने से यहां की सभी बसों का संचालन नौगवां चौराहे से किया जाता है। ऐसे में 24 घंटे की शिफ्ट में 12-12 घंटे पर दो कर्मचारियों की ड्यूटी चौराहे पर लगाई जाएगी।
ये है रोडवेज का बेड़ा
डिपो पर बसें - 107
नियमित चालक - 25
संविदा चालक - 167
नियमित परिचालक - 40
संविदा परिचालक - 280
पीलीभीत डिपो के एआरएम प्रांशु पाठक ने बताया कि रक्षाबंधन के पर्व को लेकर शासन स्तर से आदेश जारी कर दिए गए हैं। अफसरों की ओर से आए आदेश के बाद विभागीय स्तर से तैयारियां शुरु कर दी गई है, जिससे पर्व के दौरान यात्रियों को किसी तरह की कोई समस्या न हो।