Pilibhit Encounter: पूरनपुर में NIA ने फिर डाला डेरा, रिमांड पर लिया गया आतंकियों का मददगार, पूछताछ जारी
Pilibhit Encounter News: मुठभेड़ में मारे गए खालिस्तान समर्थक तीनों आतंकी पीलीभीत के पूरनपुर क्यों आए थे? इस सवाल का जवाब पुलिस को अब तक नहीं मिला है। पुलिस ने मददगार जसपाल उर्फ सनी को रिमांड पर लिया है। एनआईए और पंजाब पुलिस फिर पूरनपुर पहुंची है। आरोपी से पूछताछ की गई है।
विस्तार
पीलीभीत के पूरनपुर में खालिस्तान जिंदाबाद फोर्स के आतंकियों को होटल में ठहराने वाले जसपाल सिंह सनी को पुलिस ने बृहस्पतिवार को तीन दिन के लिए रिमांड पर लिया। उसे कड़ी सुरक्षा के साथ जेल से कोतवाली लाया गया। एनआईए और पंजाब पुलिस भी कोतवाली पूरे दिन डेरा जमाए रही। एनआईए, पंजाब पुलिस और पुलिस ने रिमांड पर लिए सनी से पूछताछ की। सनी को शनिवार को कोर्ट खुलने के समय तक किसी समय भी कोर्ट में दाखिल करना होगा।
पंजाब के गुरदासपुर के कालानौर थाने की बख्शीवाला पुलिस चौकी पर 18 दिसंबर को ग्रेनेड फेंकने के मामले में आरोपी तीनों आतंकी भागकर पूरनपुर पहुंचे थे। यहां 23 दिसंबर की सुबह पुलिस ने मुठभेड़ में तीनों को मार गिराया था। आतंकियों के पूरनपुर में आने से पहले 20 दिसंबर शाम को जसपाल सिंह सनी को इंग्लैंड से कॉल आया था। कॉल इसके साथी आतंकवादी कुलवीर सिंह सिद्धू ने इंग्लैंड से की थी।
Pilibhit Encounter: सामने आई अब तक की सबसे चौंकाने वाली जानकारी; आतंकी पन्नू के गांव का था मारा गया ये बदमाश
उसने फोन पर बताया गया कि तीन साथी पूरनपुर पहुंच रहे हैं। उनकी मदद करनी है। कहीं ठहराना है। इसके बाद सनी 20 दिसंबर शाम गांव के दीपक को साथ लेकर पूरनपुर पहुंचा था। पूरनपुर में असम हाईवे बंडा चौराहा पर एक होटल के समीप तीनों आतंकवादी उसको मिले। आतंकियों ने समीप के एक मेडिकल स्टोर से नशे के कैप्सूल लिए। इसके बाद तीनों आतंकियों और सनी, दीपक ने ढाबे पर पहुंचकर खाना खाया था। तीनों आतंकियों को सनी ने हरजी होटल में रुकवाया था।
कोर्ट से मिला सनी का रिमांड
23 दिसंबर को आतंकियों के मुठभेड़ में मारे जाने के बाद एनआईए, एटीएस, पुलिस ने उनके मददगारों की तलाश शुरू की थी। कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। आरोपी सनी का 28 दिसंबर को चालान किया गया। कोर्ट से उसे जेल भेज दिया गया। सनी को रिमांड पर लेने के लिए पुलिस ने कोर्ट में अर्जी दी। इस पर बुधवार को जिरह हुई।
बृहस्पतिवार को कोर्ट से सनी का रिमांड पुलिस को मिल गया। बृहस्पतिवार दोपहर पीलीभीत जेल पहुंची। पुलिस ने सनी को 12.05 बजे दोपहर उसे जेल से रिमांड पर ले लिया। कड़ी सुरक्षा के बीच सनी को जेल से कोतवाली लाया गया। कोतवाल नरेश कुमार त्यागी ने बताया कि सनी को रिमांड पर लाया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है।
सनी से पूछताछ की
आतंकियों के मददगार सनी से एनआईए, पुलिस और पंजाब पुलिस कई जानकारियां मिलने की उम्मीद जता रही थी। इसको लेकर उसे जेल से रिमांड पर लेने की कोशिश पुलिस ने शुरू की। बृहस्पतिवार को सनी का रिमांड मिलने और उसे कोतवाली लाए जाने की जानकारी पर एनआईए, पंजाब पुलिस कोतवाली पहुंच गई। एनआईए, पंजाब पुलिस बृहस्पतिवार को उससे पूरे दिन अलग-अलग पूछताछ करने में जुटी रही।