Pilibhit News: पत्नी से अवैध संबंध के शक में की थी आशीष की हत्या, मुख्य आरोपी समेत पांच गिरफ्तार
दियोरिया कोतवाली क्षेत्र के गांव ढकिया रंजीत निवासी आशीष गंगवार का शव 27 अक्तूबर को बीसलपुर में नहर पटरी पर पड़ा मिला था। इस मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्याकांड का खुलासा कर दिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पीलीभीत में बीसलपुर कोतवाली पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार करके आशीष हत्याकांड का रविवार को खुलासा कर दिया। मुख्य आरोपी ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी से अवैध संबंध होने के शक में दोस्तों की मदद से आशीष की हत्या कर दी थी।
दियोरिया कोतवाली क्षेत्र के गांव ढकिया रंजीत निवासी आशीष गंगवार का शव 27 अक्तूबर को सुबह नगर से करीब दो किलोमीटर दूर नहर की पटरी पर पुलिस ने बरामद किया था। मृतक की पत्नी अनामिका गंगवार ने कोतवाली में उसी दिन हत्याकांड की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में गांव के ही अतुल गंगवार और बीसलपुर नगर के मोहल्ला पटेल नगर निवासी मनोज गंगवार को नामजद किया था। पुलिस ने इन दोनों आरोपियों को शनिवार को देर शाम नगर में राजकीय महाविद्यालय के पास से गिरफ्तार कर लिया।
इन आरोपियों ने हत्याकांड में शामिल अपने तीन अन्य साथियों के नाम, पते भी पुलिस को बता दिए। इसके बाद रविवार को सुबह पुलिस ने बरेली रोड के भड़रिया मोड़ से मोहल्ला पटेल नगर निवासी धीरेंद्र प्रताप गंगवार, सौरभ मिश्रा और रामू राठौर को भी गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त लाठी-डंडा और लोहे की सरिया बरामद की गई।
गांव में आमने-सामने हैं दोनों के घर
कोतवाल संजीव शुक्ला के अनुसार मुख्य आरोपी ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि उसका और आशीष का घर गांव में बिल्कुल आमने-सामने है। वह पेशे से वाहन चालक है। वह अक्सर बाहर रहता है। उसके घर पर आशीष का काफी आना-जाना था। ऐसे में उसे शक हो गया कि आशीष के उसकी पत्नी से अवैध संबंध हैं। इसी शक के चलते उसने बीसलपुर नगर में किराए पर एक मकान ले लिया था।
उसके बाद भी आशीष उसके घर आता जाता रहा। तभी उसने आशीष की हत्या करने की योजना बनाई। उसने योजना में अपने चारों मित्रों को शामिल कर लिया। इसके बाद 26 अक्तूबर को योजना के तहत आशीष को पार्टी के बहाने से बुलाया। मोहल्ला पटेल नगर में राजेंद्र कुमार के खंडहरनुमा घर में दावत का कार्यक्रम रखा गया। वहां सभी लोगों ने शराब पी और दावत उड़ाई।
उसके बाद आशीष पर लाठी, डंडों और सरिया से प्रहार करके उसकी हत्या कर दी। बाद में शव को नहर की पटरी पर फेंक दिया था। कोतवाल ने बताया कि पूछताछ के बाद आरोपियों का चालान कर दिया गया।