Pilibhit News: जमुनिया में पकड़ी गई बाघिन, अब रानीगंज में बाघ की दहशत, खेतों में मिले पगचिन्ह
पीलीभीत के कलीनगर इलाके में कई दिनों से बाघों की चहलकदमी देखी जा रही है। एक दिन पूर्व मंगलवार को जमुनिया गांव में गन्ने के खेत में ट्रेंकुलाइज कर बाघिन पकड़ी गई थी। वन विभाग का दावा था कि हमलावर बाघिन को पकड़ गया, लेकिन 12 घंटे बीतने के बाद जमुनिया से तीन किलो दूर रानीगंज में बाघ की मौजूदगी देखी गई।
विस्तार
पीलीभीत के जमुनिया गांव में मंगलवार को बाघिन के पकड़े जाने के 12 घंटे बाद ही बुधवार सुबह करीब नौ बजे निकट के गांव रानीगंज में बाघ ने चहलकदमी कर ग्रामीणों की दहशत बढ़ा दी। सूचना पर पहुंचे वनकर्मियों ने एक गन्ने के खेत के चारों ओर जाल लगाकर घेराबंदी की लेकिन बाघ का पता नहीं चल सका।
माधोटांडा क्षेत्र के जमुनिया, मथना, बांसखेड़ा और रानीगंज क्षेत्र में कई माह से बाघों की चहलकदमी देखी जा रही है। मंगलवार को जमुनिया गांव में आबादी के निकट पहुंची बाघिन को ग्रामीणों ने घेर लिया था। जिसके बाद वन विभाग की टीम ने रेस्क्यू कर उसे पकड़ा। बाघिन को पकड़ने के बाद वन विभाग के अफसरों ने दावा किया कि ये वही बाघिन है जो पिछले दो-तीन महीनों से आसपास के गांवों में दहशत का पर्याय बनी थी।
ये भी पढ़ें- UP News: फिर चला बुलडोजर... यहां अवैध कॉलोनियों पर कार्रवाई से मची खलबली; जांच-परख कर ही खरीदें प्लॉट
वन विभाग के दावे को अभी 12 घंटे ही बीते थे कि बुधवार सुबह जमुनिया से तीन किलोमीटर दूर स्थित रानीगंज गांव में आबादी के निकट एक बाघ की मौजूदगी देखी गई। खेत पर पहुंचे ग्रामीण गोकिल प्रसाद ने बाघ को देखा। इसके बाद गांव में खलबली मच गई। मौके पर ग्रामीण एकत्र हो गए।
खेतों में मिले पगचिन्ह
सूचना के बाद क्षेत्रीय सामाजिक वानिकी और टाइगर रिजर्व की टीम भी मौके पर पहुंची। निरीक्षण के दौरान खेतों में बाघ के पगचिन्ह भी मिले। गन्ने के खेत में बाघ की मौजूदगी बताकर ग्रामीण बाघ को पकड़ने की मांग करने लगे। इस दौरान उनकी वनकर्मियों से नोंकझोंक भी हुई।
इसके बाद जाल लगाकर गन्ने के खेत की घेराबंदी की गई। कुछ देर इंतजार के बाद डिप्टी रेंजर कपिल कुमार, वन दरोगा अजमेर सिंह, बाबूराम टीम के साथ गन्ने के खेत के अंदर घुसे। पटाखे दागकर खोजबीन की लेकिन बाघ की मौजूदगी नहीं मिली। इसे बाद टीम लौट गई।
ये भी पढ़ें- Bareilly News: ब्लॉगर साक्षी मिश्रा को मिल रहीं धमकियां, अजितेश के साथ किया था अंतरजातीय प्रेम विवाह
बाघ को पकड़े बगैर टीम के लौट जाने से ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि बाघ गन्ने के खेतों में छिपा है। बाघ की मौजूदगी देखे जाने के बाद हमलावर बाघ और बाघिन को लेकर संशय बरकरार है।
क्षेत्रीय किसान नेता गुरदीप सिंह गोगी का कहना है कि लगातार बाघ की मौजूदगी देखी जा रही है। विभागीय टीम के देरी से प्रयास शुरू करने से बाघ दूसरे गन्ने के खेत की ओर निकल गया। रेंजर आरके सिंह ने बताया कि जानकारी के बाद टीम ने गन्ने के खेत में खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका।