{"_id":"79094fc1aeb73e3a3366b7d79a641aca","slug":"other-polls-littered-checkerboard-phase-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"पंचायत चुनाव के दूसरे चरण को बिछी बिसात","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
पंचायत चुनाव के दूसरे चरण को बिछी बिसात
Pilibhit
Updated Mon, 23 Nov 2015 09:53 PM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में नाम वापसी के बाद अमरिया और ललौरीखेड़ा ब्लाकों में प्रत्याशियों की स्थिति स्पष्ट हो गई है। शाम को प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए गए। किसी को कार, किसी को कैरम तो किसी को किताब चुनाव चिन्ह मिला। इसे लेकर ब्लाक मुख्यालय पर देरशाम तक गहमी गहमी रही है। चुनाव चिन्ह मिलने से दोनों ब्लाक के गांव में प्रचार तेज हो गया है। नाम वापसी के बाद ललौरीखेड़ा ब्लाक की ग्राम पंचायत बरहा में प्रधान पद के सर्वाधिक 49 प्रत्याशी मैदान में हैं।
विज्ञापन
अमरिया। ब्लाक क्षेत्र में प्रधान के 105 पद के लिए 869 नामांकन हुए थे। इसमें जांच के बाद दो नामांकन निरस्त हो गए थे। सोमवार को प्रधान पद के लिए 126 प्रत्याशियों ने नाम वापस ले लिया। इस प्रकार अब ब्लाक क्षेत्र में प्रधान पद के लिए 741 प्रत्याशी मैदान में बचे हैं। ग्राम पंचायत सदस्यों की संख्या स्पष्ट नही हो सकी है। प्रत्याशियों की संख्या निर्धारित होने के बाद आरओ/ जिला बचत अधिकारी आरके सिंह सोमवंशी ने एआरओ के माध्यम से चुनाव चिन्ह आवंटित किए।
विज्ञापन
जहानाबाद। ललौरीखेड़ा ब्लाक में नामांकन पत्रों की जांच के बाद प्रधान पद पर 664 और ग्राम पंचायत सदस्य पद पर 993 नामांकन वैध पाए गए थे। सोमवार को प्रधान पद के 132 वापस हो गए जबकि पंचायत सदस्य की स्थित स्पष्ट नहीं हो सकी। आरओ/ सीवीओ डॉ. राजीव कुमार गुप्ता ने बताया कि सबसे अधिक सात नामांकन ग्राम पंचायत बरहा में वापस हुए हैं। यहां अब प्रधान के प्रत्याशियों की संख्या 49 हो गई है। उन्होंने ब्लाक क्षेत्र में प्रधान के 69 पदों के लिए 532 प्रत्याशी मैदान में बचे हैं। शाम को सभी प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए गए।
विज्ञापन
बरहा में सर्वाधिक 49 प्रत्याशी, बदलना पड़ेगा मतपत्र
पीलीभीत। ललौरीखेड़ा की ग्राम पंचायत बरहा यूं तो शहर से सटी और रेलवे कॉलोनी का भाग भी इसी ग्राम पंचायत में लगता है। प्रधान बनने की सबसे ज्यादा ललक इस ग्राम पंचायत में देखने को मिली है। यहां कुल 59 नामांकन हुए थे। जिसमें तीन नामांकन पत्र निरस्त हो गए। सोमवार को सात के नाम वापस लेने के बाद अब यहां 49 प्रत्याशी मैदान में डटे हैं जो पिछले दो चरणों में हुए नामांकन में सर्वाधिक हैं। प्रत्याशियों की संख्या अधिक होने से प्रशासन भी मुश्किल में फंस गया है। खास बात ये है कि चुनाव आयोग ने जो मतपत्र भेजे हैं उसमें कुल 45 चुनाव निशान हैं। ऐसे में प्रशासन को 49 चुनाव चिन्ह वाला मतपत्र अलग से मंगाना पड़ सकता है। एडीएम अजयकांत सैनी ने बताया कि आयोग को इसकी सूचना दे दी गई है। आयोग के निर्देश पर व्यवस्था की जाएगी।
तीसरे चरण के लिए देररात तक नामांकन
बीसलपुर/बिलसंडा। तीसरे चरण के पंचायत चुनाव के लिए बीसलपुर व बिलसंडा में नामांकन के अंतिम दिन ब्लाक मुख्यालयों पर नामांकन कराने वालों की भारी भीड़ लगी रही। अंतिम दिन संख्या अधिक होने के कारण देर रात तक नामांकन की प्रक्रिया चलती रही। प्रशासन को नामांकन जमा कराने को रोशनी की व्यवस्था करनी पड़ी।
सोमवार को बीसलपुर और बिलसंडा में नामांकन का अंतिम दिन था। सुबह से ही काफी लोग नामांकन जमा करने को ब्लाक मुख्यालयों पर पहुंचे, लेकिन धीमी नामांकन प्रक्रिया के चलते निर्धारित चार बजे तक बड़ी संख्या में लोग नामांकन करने से वंचित रह गए। बिलसंडा में आरओ ने लाइन में खड़े लोगों के अलावा बाकी लोगों को परिसर से बाहर निकलने को कहा लेकिन वहां मौजूद लोग धक्का मुक्की कर लाइन में लग गए। इसको लेकर काफी गहमा गहमी भी रही। जबरन घुसने को लेकर ब्लाक कर्मचारियों व नामांकन कराने पहुंचे लोगों में नोकझोंक भी हुई। कमावेश यही हाल बीसलपुर ब्लाक में भी रहा। दोनों ब्लाकों में रात आठ बजे तक नामांकन के लिए लोग लाइन में खड़े थे। नामांकन में देरी के कारण जहां सरकारी अमला परेशान रहा वहीं प्रत्याशियों को भी प्रशासनिक अव्यवस्था का शिकार होना पड़ा। नामांकन जमा करने के बाद कर्मचारियों ने उसे अभिलेख में दर्ज करने की प्रक्रिया पूरी करते रहे। बीसलपुर के आरओ संजय कुमार व बिलसंडा के आरओ डा. अवधेश मिश्रा देर सायं तक सोमवार को ग्राम पंचायत प्रधान व सदस्य पद के लिए हुए नामांकनों की संख्या स्पष्ट नहीं कर सके थे।
पूरनपुर में बिके 1750 नामांकन पत्रों की हुई बिक्री
पूरनपुर। पंचायत चुनाव के चौथे चरण में होने वाले चुनाव को लेकर पूरनपुर ब्लाक कार्यालय में नामांकन पत्र खरीदने वालों की लंबी लाइनें लगी। कार्यवाहक बीडीओ देवेंद्र कुमार ने बताया कि सोमवार को प्रधान पद के आठ सौ और ग्राम पंचायत सदस्य पद के साढ़े नौ सौ नामांकन पत्रों की बिक्री हुई। उन्होंने बताया कि अब तक प्रधान पद के 1253 और सदस्य पद के 1129 नामांकन पत्रों की बिक्री हो चुकी है।