'हत्या कर गायब कर दूंगा लाश' : युवक ने शादी का झांसा देकर लूटी आबरू, अब पीड़िता को दे रहा धमकी
सुनगढ़ी क्षेत्र की रहने वाली युवती जब दुकान पर नौकरी करती थी, उसी वक्त उसकी मुलाकात बरेली के युवक से हुई थी। उसने शादी का झांसा देकर प्रेमजाल में फंसा लिया। युवक ने उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया। बाद में शादी से मुकर गया।
विस्तार
पीलीभीत में युवती के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। युवती का आरोप है कि बरेली के रहने वाले युवक ने शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। अब वह जान से मारने की धमकी दे रहा है। पीड़ित युवती ने आरोपी के खिलाफ थाना सुनगढ़ी में रिपोर्ट दर्ज कराई है। एसपी के आदेश पर सुनगढ़ी पुलिस ने कार्रवाई की है।
सुनगढ़ी थाना क्षेत्र की युवती ने बताया कि वह एक दुकान पर नौकरी करती थी। इसी दौरान 2022 में उसकी मुलाकात बरेली के इज्जतनगर थाना क्षेत्र की छोटी विहार कॉलोनी के दीपक से हुई। युवती का कहना है कि दीपक ने शादी का झांसा दिया। इसके बाद वह उसे गांधी स्टेडियम रोड स्थित अपने रिश्तेदार के घर ले गया, वहां उसके साथ दुष्कर्म किया।
ये भी पढ़ें- सुसाइड नोट में छलका दर्द: 'मेरे मरने की वजह मेरी बीवी' जींस में पैसे रखे हैं, उन्हीं से अंतिम संस्कार करा देना
शादी के लिए पहले थे तैयार... अब इनकार
दीपक ने युवती को अपने रिश्तेदारों से भी मिलवाया। परिजनों से भी उसकी बात कराई। युवती का कहना है कि शुरू में तो परिजनों ने भी शादी के लिए हामी भर दी। बाद में 10 मार्च 2023 को दीपक और उसके घरवालों ने शादी करने से इनकार कर दिया।
पीड़िता ने जब पुलिस में शिकायत करने की बात कही तो रुपये लेकर मामला रफा-दफा करने का दबाव डाला गया। मना करने पर आरोपी ने हत्या कर शव गायब करने की धमकी दी। इसके बाद पीड़ित ने एसपी से गुहार लगाई। एसपी के आदेश पर सुनगढ़ी पुलिस ने आरोपी दीपक के खिलाफ दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।