पीलीभीत। जजी परिसर में शनिवार को राष्ट्रीय लोक अदालत हुई। हाईकोर्ट प्रयागराज से आए प्रशासनिक न्यायमूर्ति (पीलीभीत) शेखर कुमार यादव ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर लोक अदालत का शुभारंभ किया। इस दौरान न्यायिक अधिकारियों के अलावा डीएम प्रवीण कुमार और एसपी दिनेश कुमार पी भी मौजूद रहे। लोक अदालत में सुलह समझौते के आधार पर 124749 वादों का निस्तारण किया गया। इसमें 53296966 रुपये भी जमा हुए।
न्यायालय परिसर में शनिवार को सुबह नौ से शाम पांच बजे तक लोग अदालत लगी। इसमें हजारों की संख्या में लोग पहुंचे। न्यायिक अधिकारियों ने अपनी-अपनी अदालत में बैठकर वादों का निस्तारण किया, वहीं अदालत परिसर में बैंकों सहित संबंधित विभागों ने काउंटर लगाकर बड़ी संख्या में वादों का निस्तारण किया। न्यायालय परिसर में वादकारियों की पैरवी के लिए उनके अधिवक्ता भी मौजूद रहे। सुरक्षा की दृष्टि से अदालत में पुलिस फोर्स भी तैनात रहा। इस दौरान मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण के न्यायाधीश राकेश धर दुबे, जिला एवं सत्र न्यायाधीश चंद्र मोहन मिश्रा, सीजेएम विजय कुमार सिंह, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव अमित कुमार यादव आदि मौजूद रहे।