Weather: पीलीभीत में तेज हवा के साथ बारिश... सड़कों पर जलभराव; खीरी में आंधी से 300 गांवों की बिजली गुल
तराई के मौसम में बदलाव जारी है। पीलीभीत में देर रात से शुरू हुई बारिश सुबह तक होती रही। उधर, लखीमपुर खीरी जिले में आंधी-बारिश के चलते सैकड़ों गांव की बिजली आपूर्ति ठप हो गई।
विस्तार
पीलीभीत में रविवार देर शाम से बदले मौसम ने जहां लोगों को गर्मी से राहत दी, वहीं बिजली गुल होने से परेशानी भी हुई। शाम और रात में जमकर बारिश हुई। इसके बाद सोमवार को सुबह छह बजे तक रुक-रुककर बारिश होती रही। बारिश और तेज हवा के बीच बिजली कर्मचारी बिजली लाइन के फाल्ट दुरुस्त करने में जुटे रहे। रातभर मरम्मत के बाद भी शहर के कई मोहल्लों की बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी।
पीलीभीत में अशोक कॉलोनी, सुनगढ़ी, निरंजनकुंज फीडर, राम विहार, मोहल्ला अशरफ खां, एकतानगर आदि में सुबह नौ बजे तक आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। वहीं बारिश से शहर में कई स्थानों पर जलभराव की समस्या भी हुई। लोग जलभराव से होकर गुजरते दिखे।
यह भी पढ़ें- UP Weather: बरेली में गरज-चमक के साथ झमाझम बारिश, तीन दिन तक ऑरेंज अलर्ट, ऐसा रहेगा मौसम
पीलीभीत शहर के गैस चौराहे के आगे गली में और अशोक कॉलोनी में टनकपुर हाइवे से कॉलोनी के अंदर तक आदि स्थानों पर बारिश का पानी भर गया। इसके कारण लोगों को काफी परेशानी हुई। वहीं बारिश होने से मौसम ठंडा हो गया है।
लखीमपुर में मौसम हुआ खुशगवार
लखीमपुर खीरी में रविवार रात तेज आंधी और हल्की बारिश के बाद सोमवार सुबह मौसम काफी खुशगवार रहा। बादल छाए रहे और ठंडी हवा के चलने से लोगों को गर्मी से राहत मिली। शहर में आसमान में काले बादल छाए रहे। मौसम में हुई ठंडक से लोगों ने काफी राहत महसूस की।
रविवार रात आई तेज आंधी के चलते जिले में सैकड़ो गांव की बिजली गुल हो गई। फरधान, मैलानी, बिजुआ और निघासन समेत अन्य क्षेत्रों के 300 से ज्यादा गांवों की बिजली रात भर गुल रही। कई जगह पर सोमवार सुबह तक बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो पाई थी।