Pilibhit News: तेज रफ्तार कार पार्क की दीवार तोड़ नाले में गिरी, चालक घायल; नशा बना हादसे का कारण
पीलीभीत में टनकपुर हाईवे पर रविवार रात हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार पार्क की दीवार तोड़कर नाले में जा गिरी। हादसे में कार चालक घायल हो गया। वह शराब के नशे में था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पीलीभीत में टनकपुर हाईवे पर रविवार रात तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर नेहरू पार्क की दीवार तोड़ते हुए सड़क पार कर नाले में जा गिरी। हादसे में कार सवार युवक घायल हो गया, जिसे पुलिस ने जिला अस्पताल भिजवाया। प्रारंभिक जांच में चालक के शराब के नशे में होने की बात सामने आई है। हादसे के बाद हाईवे पर काफी देर तक जाम लगा रहा।
हादसा रविवार रात करीब आठ बजे टनकपुर हाईवे पर कोतवाली क्षेत्र के नेहरू पार्क के पास हुआ। गौहनिया चौराहे की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित हो गई और नेहरू पार्क की दीवार से टकरा गई। दीवार तोड़ने के बाद गाड़ी सड़क पार करती हुई सीधे नाले में जा गिरी। गनीमत रही कि आसपास ठेला लगाने वाले लोग वहां से हट गए।
तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़ पड़े और देखते ही देखते भारी भीड़ जमा हो गई। कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। कार में फंसे घायल युवक को बाहर निकाला और एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल भिजवाया, जहां उसका उपचार जारी है।
शराब के नशे में था चालक
पुलिस के अनुसार, घायल युवक की पहचान कस्बा न्यूरिया हुसैन निवासी आजम के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि हादसे का कारण तेज रफ्तार और चालक का शराब के नशे में होना बताया जा रहा है। इधर हादसे के बाद करीब एक घंटे तक टनकपुर हाईवे पर यातायात बुरी तरह प्रभावित हो गया और दोनों ओर लंबा जाम लग गया।
पुलिस ने जाम खुलवाने का प्रयास किया। क्रेन की मदद से कार को नाले से बाहर निकलवाया। कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि वाहन को कब्जे में ले लिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।