Pilibhit: दबिश देने गई पुलिस टीम पर फायरिंग, सिपाही के पेट में लगीं दो गोलियां; आरोपी गिरफ्तार
पीलीभीत के पूरनपुर में दबिश देने की गई पुलिस की टीम पर आरोपी ने फायरिंग कर दी। एक सिपाही के पेट में दो गोलियां लगीं। गंभीर घायल सिपाही को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पीलीभीत में विवाहिता को भगाकर ले जाने के मामले में बृहस्पतिवार शाम गांव रम्पुराकोन के एक फार्म हाउस पर दबिश देने गई पुलिस टीम पर आरोपी ने तमंचे से फायर कर दिए। एक सिपाही के पेट में दो गोलियां लगीं। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगने के बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया। घायल सिपाही को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पूरनपुर के मोहल्ला गनेशगंज पूर्वी का रहने वाला अभिषेक सक्सेना क्षेत्र की एक विवाहिता को बीते माह बहला-फुसला कर ले गया था। उसके पति ने सदर कोतवाली में सात दिसंबर को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। कोतवाली पुलिस को जानकारी मिली कि अभिषेक रम्पुराकोन के फार्म हाउस में छिपा है।
कोतवाली से दरोगा सुभाष चंद्र, सिपाही शाहरुख व राधा पूरनपुर पहुंचे। वहां से सिपाही अंकित को साथ लिया। शाम करीब छह बजे पुलिस टीम ने फार्म हाउस का दरवाजा खटखटाया तो आरोपी ने नहीं खोला। इस पर सिपाही शाहरुख दीवार पर चढ़ गए। यह देख अभिषेक ने 12 बोर के तमंचे से दो गोलियां चलाईं, जो शाहरुख के पेट में लगीं।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया। सूचना पर एडीजी पीसी मीणा व आईजी डॉ. राकेश सिंह भी मौके पर पहुंचे। अफसरों ने अस्पताल जाकर घायल सिपाही का हाल जाना।
पिता और ताऊ को पकड़ा, बंदूक ली कब्जे में
सिपाही को गोली मारने की घटना का जब पुलिस को पता चला तो बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स रम्पुराकोना गांव पहुंच गई। इस दौरान अभिषेक के ताऊ को सूचना मिली कि फार्म हाउस पर कोई घटना हो गई है। इस पर वह अपनी लाइसेंस बंदूक लेकर अभिषेक के पिता रिषी सक्सेना उर्फ रिशू के साथ फार्म हाउस आ रहे थे। पुलिस ने दोनों को रास्ते से ही पकड़ लिया साथ ही लाइसेंसी बंदूक जब्त कर ली।
महिला का नहीं चल सका कोई पता
अभिषेक जिस महिला को लेकर भागा था उसका देर रात तक कोई पता नहीं चल सका। हालांकि पुलिस कर्मियों का कहना है कि जब वह फार्म हाउस पर पहुंचे तब अंदर एक महिला थी। महिला कहां गई इसका किसी को कुछ पता नहीं। इस मामले में देर रात तक पुलिस भी कुछ नहीं बता पा रही थी। बताया जा रहा है कि महिला पुलिस के पास है लेकिन अभी बरामदगी नहीं दिखाई गई है।