फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Pilibhit News ›   VHP leader, two killed

डंपर की टक्कर से विहिप नेता समेत दो की मौत

Mon, 30 Nov 2015 11:29 PM IST
बिलसंडा।
बिलसंडा। Updated Mon, 30 Nov 2015 11:29 PM IST
विज्ञापन
VHP leader, two killed
शाहजहांपुर के निगोही थाना क्षेत्र में डंपर ने बाइक में टक्कर मार दी।
विज्ञापन
इससे मोहल्ला ऊंचा मंदिर निवासी विश्व हिंदू परिषद के जिला उपाध्यक्ष 35 वर्षीय प्रदीप मिश्रा और हाथीखाना निवासी 27 वर्षीय गौरव मिश्रा की मौके पर ही मौत हो गई।

दोनों लखनऊ जाने के लिए बाइक से शाहजहांपुर जाकर ट्रेन पकड़ने के लिए घर से निकले थे। हादसे की सूचना मिलते ही दोनों के परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर निगोही पहुंचे परिवार वालों ने पुलिस से पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया।

इस पर पुलिस ने पंचनामा भरकर शव परिवार वालों के सुपुर्द कर दिया। शाम को गमगीन माहौल में दोनों शवों की अंत्येष्टि कर दी गई।

मोहल्ला ऊंचा मंदिर निवासी राजीव मिश्रा ने बताया कि उनका भाई प्रदीप मिश्रा विश्व हिन्दू परिषद का जिला उपाध्यक्ष है। प्रदीप संगठन के कार्य से मोहल्ला हाथीखाना निवासी गौरव मिश्रा के साथ लखनऊ जाने के लिए 29 नवंबर की शाम करीब सात बजे बाइक से शाहजहांपुर जा रहे थे।

 बाइक गौरव मिश्रा चला रहा था। शाहजहांपुर में बाइक खड़ी करने के बाद दोनों को ट्रेन से लखनऊ जाना था।

उन्होंने बताया कि शाहजहांपुर जिले के थाना निगोही क्षेत्र के गांव टिकरी के पास सामने से आ रहे डंपर ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन समेत भाग निकला।

 काफी देर तक घायलावस्था में मौके पर ही पड़े रहने से दोनों की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने मृतकों के कपड़ों की तलाशी ली तो जेब में मिले कागजों के आधार पर दोनों के नाम-पते की जानकारी हुई।

इस पर ग्रामीणों ने फोन कर उन्हें घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही दोनों के परिवार में कोहराम मच गया। दोनों के परिवार वाले घटना स्थल पर पहुंचे।

मृतक प्रदीप के छोटे भाई राजीव मिश्रा ने बताया कि दोनों के शरीर बुरी तरह कुचल चुके थे, लिहाजा परिवार के लोगों ने शवों का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया था। इस पर निगोही पुलिस ने पंचनामा भरकर शव घरवालों को सौंप दिया। दोनों शव शाम करीब साढ़े चार बजे गांव पहुंचे।

शवों को देखने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। शाम करीब 5.30 बजे गमगीन माहौल में प्रदीप के शव की अंत्येष्टि विहिप कार्यालय के पास और गौरव की श्मशान घाट पर कर दी गई।
चार भाइयों में दूसरे नंबर के थे प्रदीप
निगोही में सड़क हादसे में मारे गए विहिप नेता प्रदीप चार भाइयों में दूसरे नंबर पर थे। उन्होंने समाजसेवा करने के उद्देश्य से विवाह नहीं किया था। प्रदीप की मौत से उनके पिता जगमोहन मिश्रा, मां मुन्नी देवी, भाई संदीप, राजीव, नवनीत और बहन निधि का रोते रोते बुरा हाल है।
गौरव खेती में बंटाता था हाथ
दूसरे मृतक गौरव खेती बाड़ी में अपने पिता सुरेश मिश्रा का हाथ बंटाता था। सुरेश मिश्रा के दूसरे पुत्र राहुल मिश्रा से गौरव बड़ा और अविवाहित था। बड़े पुत्र की हादसे में हुई मौत से पिता सुरेश मिश्रा, मां मीरा देवी और छोटे भाई राहुल का रो-रोकर बुरा हाल है।
शोकसभा कर दी श्रद्धांजलि
बिलसंडा। विहिप और गणेश चौथ शोभायात्रा समिति कार्यालय पर एक शोकसभा हुई। इसमें दो मिनट का मौन रखकर दिवंगतों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। प्रदीप विहिप के वर्ष 2000 से 2013 तक नगर अध्यक्ष रहे। वह पिछली बार नगर पंचायत के अध्यक्ष पद का चुनाव भी लड़े थे, लेकिन हार गए थे। प्रदीप गणेश चौथ शोभायात्रा समिति के संयोजक भी थे।
हादसे के बाद सुबह नौ बजे पहुंची पुलिस
मृतक प्रदीप मिश्रा के भाई राजीव मिश्रा ने बताया कि हादसा करीब साढ़े नौ बजे रात में हुआ। ग्रामीणों ने हादसे से कुछ देर बाद उन्हें भाई की जेब में मिले कागजातों पर लिखे मोबाइल नंबर से घटना की सूचना दी।

इस पर देर रात ही वह लोग परिवार समेत मौके पर पहुंचे गए व पुलिस को सूचना दी। सूचना के बाद भी सुबह नौ बजे तक निगोही पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। इससे ग्रामीणों और परिवार वालों में पुलिस के प्रति रोष है।

राजीव मिश्रा ने बताया कि दुर्घटना के बाद दोनों काफी देर मौके पर घायलावस्था में पड़े रहे थे, यदि समय से पुलिस पहुंच जाती व उन्हें उपचार मिल जाता तो शायद उनकी जान बचाई जा सकती थी।
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें हर राज्य और शहर से जुड़ी क्राइम समाचार की
ब्रेकिंग अपडेट।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed