फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Pilibhit News ›   Sungdhi, Nuria two villages Four million robbery

सुनगढ़ी, न्यूरिया के दो गांवों  में चार लाख का डाका

Sun, 03 Jul 2016 11:09 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, पीलीभीत
ब्यूरो/अमर उजाला, पीलीभीत Updated Sun, 03 Jul 2016 11:09 PM IST
विज्ञापन
Sungdhi, Nuria two villages Four million robbery
चोरी - फोटो : pilibhit, beureu
कच्छा बनियानधारी आठ सशस्त्र बदमाशों ने एक बार फिर देहात क्षेत्र में दस्तक दी। निशाने पर रहा थाना सुनगढ़ी का संतोषपुरा और न्यूरिया का कैम गांव। घर के भीतर घुसकर बदमाशों ने चार परिवारों को बंधक बनाकर मारपीट की। फिर लूटपाट कर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने पर एसपी, एएसपी समेत तमाम अफसरों ने मौका मुआयना कर जानकारी जुटाई। एसपी मुनिराज जी. शुरू से ही घटना को छिपाने अथवा कम कर लिखने के बजाय वास्तविक घटना के आधार पर रिपोर्ट दर्ज करने के निर्देश दे चुके हैं, लिहाजा काफी समय बाद यह पहला अवसर है जब दोनों थानों की पुलिस ने घटनाओं को डकैती की धारा में दर्ज किया है।  
विज्ञापन


घटना एक : कैम में एक लाख का जेवर और नगदी लूटी
डकैती की पहली वारदात बदमाशों ने न्यूरिया क्षेत्र के कैम गांव में की। यहां के रहने वाले कालीचरन खेती करते हैं। शनिवार रात उनका पूरा परिवार आंगन में सो रहा था। दीवार कूदकर बदमाश घर के भीतर घुस आए। चारपाई पर सो रहे कालीचरन, उसके बेटे नरेश कुमार और सोमपाल को तीन बदमाशों ने गन प्वाइंट पर ले लिया। कालीचरन के मुंह पर कपड़ा डाल दिया गया। दो बदमाश पत्नी रामवती और बेटी सोनी देवी के पास गए और उनको भी बंधक बना लिया। पूरे परिवार को घर पर रखी चादरों और अन्य कपड़ों से हाथ-पैर बांधकर डाल दिया। इसके बाद एक मौके पर असलहा लिए खड़ा रहा और बाकी ने कमरों को खंगालना शुरू कर दिया। संदूक में रखे 15 हजार रुपये नगद, सोने की चेन, अंगूठी, पायल समेत एक लाख का जेवर लूट लिया। सात नई साड़ियां भी ले गए। किसी तरह बंधनमुक्त होने के बाद पहले गांव वालों के साथ मिलकर तलाश किया और न मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई। 
विज्ञापन


बदल रहे थे अपनी भाषा
पीड़ित कालीचरन ने बताया कि बदमाश बार-बार अपनी भाषा बदल-बदल कर बात कर रहे थे। पीड़ित से नगदी जेवरात की जानकारी लेते वक्त स्थानीय भाषा बोली और बाद में लूटपाट करते वक्त आपस में दूसरी भाषा में बात करने लगे, जिसको लेकर पीड़ित कुछ समझ ही नहीं पाया। 
विज्ञापन
विज्ञापन


समय से होती सूचना तो 
पकड़े जाते बदमाश
कालीचरन के मकान में डकैती डालकर भागे बदमाशों को गांव के लोग तलाश रहे थे। इस दौरान एक पुलिस की गश्त करती हुई गाड़ी दिखाई भी दी, लेकिन गांव के लोगों ने पुलिस को रोककर सूचना नहीं दी। समय से सूचना दे दी जाती तो शायद संतोषपुरा में घटित वारदात को रोका जा सकता था और बदमाश भी हत्थे चढ़ सकते थे।

घुसते ही पूछा ग्राम प्रधान का पता 
दोनों ही वारदातों में बदमाशों ने सबसे पहले परिवार को बंधक बनाने के बाद ग्राम प्रधान को लेकर जानकारी हासिल की। कालीचरन के घर वारदात करते वक्त ग्राम प्रधान को लूटने की बात कही तो वहीं संतोषपुरा में खुद को ग्राम प्रधान को मारने के इरादे से आने की बात कही। 

घटना दो: संतोषपुरा में लूट ले गए ढाई लाख 
दूसरी वारदात पास के ही सुनगढ़ी क्षेत्र के संतोषपुरा गांव में की। यहां के रहने वाले तीन सगे भाई भगवानदास, खूबचंद और रामभजन परिवार के साथ एक ही मकान में रहते हैं। शनिवार रात तीनों भाई घर के बाहर सो रहे थे। उनके साथ भगवानदास का बेटा वीरपाल भी सो रहा था। अचानक आए आठ बदमाशों ने सभी को तमंचे के बल पर लेकर बंधक बना लिया। वीरपाल की गर्दन पर एक बदमाश ने बांका रखा और भीतर का दरवाजा धमकाकर खुलवा लिया। इसके बाद अंदर मौजूद रामभजन के दो बेटे दयाशंकर, राम सिंह, राजेंद्र, नरेश कुमार, रामदेई, रेखादेवी, लौंग श्री सभी को बंधक बनाकर एक कमरे में बंद कर दिया। हाथ-पैर बांध दिए। शोर सुनकर सामने के मकान में रह रहे किसान हरिलाल बाहर निकले तो बदमाशों ने उसको भी पकड़ लिया। उधर, लूटपाट का विरोध करने पर भगवान दास और नरेश की पिटाई लगाई। यहां से बदमाश 25 हजार रुपये, तगड़ी, पसली, पायल, सोने का हार समेत दो लाख का जेवर और घरेलू सामान ले गए। बता दें कि एक दिन पूर्व रामभजन की बेटी गुड्डी अपनी ससुराल सिकलापुर चली गई थी। उसका मायके में रखा जेवर भी बदमाश लूट ले गए। 

एसपी, एएसपी समेत तमाम फोर्स पहुंची
घटना की सूचना मिलने के बाद तुंरत ही सीओ सिटी निर्मल कुमार विष्ट, सीओ जहानाबाद जगत राम जोशी, इंस्पेक्टर सुनगढ़ी अतुल प्रधान, एसओ न्यूरिया दलवीर वर्मा पुलिस बल के साथ सुबह तड़के ही पहुंच गए। कुछ ही देर में एसपी मुनिराज जी., एएसपी विकास कुमार वैद्य भी पहुंच गए। एसपी ने मौका मुआयना कर पीड़िता को जल्द खुलासे का आश्वासन दिया है। फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वायड के पहुंचने से पहले ही घटनास्थल पर आवाजाही हो चुकी थी, जिस कारण कोई खास मदद नहीं मिल सकी है।

गांव वालों ने फायरिंग कर खदेड़ा
संतोषपुरा गांव में घटना के दौरान खूबचंद बदमाश को धक्का देकर भाग निकला, जिसके बाद उसने गांव के लोगों को इकठ्ठा किया। एकजुट होने के बाद गांव के लोगों ने लाइसेंसी रायफल से फायरिंग की और बदमाशों को खदेड़ दिया, लेकिन कोई हत्थे नहीं चढ़ सका। बदमाशों की एक पैंट और बंदूक के नाम पर इस्तेमाल किया जा रहा लोहे का पाइप वहीं छूट गया था, जिसे गांव वालों ने पुलिस को सौंपा है।   

खाईखेड़ा गांव में रहे थे असफल 
लूटपाट की शुरूआत बदमाशों ने न्यूरिया के खाईखेड़ा गांव से की थी। बताते हैं कि करीब बारह बजे आठ बदमाश गांव के वीरपाल के घर पर जा घुसे। यहां एक महिला का कुंडल छीनने की कोशिश कर रहे थे कि शोर हो गया। जिस पर बदमाश गांव से भाग निकले। 

एसपी ने किया चार टीमों का गठन 
घटना के खुलासे के लिए एसपी मुनिराज जी. ने चार टीमों का गठन किया है, जिसमें सुनगढ़ी इंस्पेक्टर, एसओ न्यूरिया, क्राइम ब्रांच और सर्विलांस टीम को शामिल किया गया है। टीमों की मॉनिटरिंग के लिए सीओ सिटी और जहानाबाद सीओ को लगाया है। इसके अलावा जिले के समस्त थानेदारों को प्रतिदिन घुमंतु गैंग की चेकिंग करने के निर्देश दिए हैं। इसमें घुमंतु लोगों से पूछताछ कर आईडी चेक की जाएगी। 

मौका मुआयना कर बदमाशों के बारे में जानकारी की गई है। दोनों घटनाओं का तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। प्रयास किए जा रहे हैं, जल्द खुलासा होगा। 

- मुनिराज जी., एसपी 

हिरासत में लिए गए संदिग्ध 
पीलीभीत। डकैती की घटना के बाद संदिग्धों की धरपकड़ शुरू कर दी गई है। सीओ सिटी निर्मल कुमार विष्ट की सूचना पर सुनगढ़ी पुलिस ने माधोटांडा रोड से आ रहे आठ लोगों को पकड़ लिया। इनको थाने में लाकर पूछताछ की जा रही है। सभी मुजफ्फर नगर निवासी है। न्यूरिया पुलिस ने भी संदिग्ध उठाए है। इसके अलावा गांव में पहरा और घुमंतु गैंग की महिलाओं पर भी सख्ती की जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें हर राज्य और शहर से जुड़ी क्राइम समाचार की
ब्रेकिंग अपडेट।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed