बीसलपुर। राजस्थान के पप्पू हत्याकांड में भाई और बहनोई आदि ने अपने बयान दर्ज करा दिए हैं। अब इस हत्याकांड में आरोपियों के विरुद्ध आरोप पत्र तैयार करने का रास्ता साफ हो गया है। राजस्थान के जिला धौलपुर के थाना बसेड़ी क्षेत्र के गांव एकता निवासी लटूरीलाल ने बताया कि दो जून, 2017 को बीसलपुर के मोहल्ला दुबे के कुछ लोगों ने उनके भाई पप्पू गोस्वामी को शादी कराने का झांसा देकर अपने घर बुलाया था। पप्पू के साथ लटूरीलाल, चचेरा भाई हरज्ञान, संतोष और बहनोई पूरनलाल भी आए थे। आरोप है कि इन लोगों ने शादी कराने के नाम पर पप्पू से डेढ़ लाख रुपये ठग लिए थे। रात को इन लोगों ने सभी को अपने घर रोका और सुबह पप्पू को जहर मिली पकौड़ी खिला दीं, इससे उसकी मौत हो गई। इस मामले में लटूरीलाल ने यहां कोतवाली में मोहल्ला दुबे निवासी सूरजपाल, नीतू, उसके चाचा और मध्यस्ता करने वाले राजस्थान के जिला धौलपुर के थाना बसेड़ी क्षेत्र के गांव एकता निवासी संतोष को नामजद किया था। एक पखवाड़ा पूर्व पप्पू की विसरा रिपोर्ट आने के बाद इंस्पेक्टर जेपी सिंह ने राजस्थान जाकर मामले की जांच की थी। तब सभी लोगों के बयान दर्ज न हो पाने पर उन्हें बीसलपुर कोतवाली आकर बयान दर्ज कराने को कहा था। दो दिन पहले लटूरीलाल, हरज्ञान और पूरनलाल ने कोतवाली आकर बयान दर्ज कराए। इंस्पेक्टर ने बताया कि अब आरोपियों के विरुद्ध आरोप पत्र तैयार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।