पीलीभीत। सोने के सिक्के बेचने के नाम पर एक सराफ से दस लाख की ठगी हो गई। पीड़ित ने एसपी से शिकायत की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मामला अमरिया थाना क्षेत्र के गांव कैचूटांडा का है। यहां आसिफ सराफा का काम करते हैं। उसने बताया कि कुछ दिन पहले उसकी दुकान पर अमरिया के गांव माधोपुर, गांव हरहरपुर, बीसलपुर ग्राम भितेहपुर, उत्तराखंड का रहने वाला एक व्यक्ति उनके पास आया और कहा कि उनके पास उनके पूर्वजों के सोने के सिक्के हैं। वह उनको बेचना चाहते हैं। दो सिक्के भी दिए जो कि सोने के थे। उसके बाद सराफ से उन लोगों ने 125 सिक्के बेचने की डील की जिनका वजन करीब एक किलो बैठता। पीड़ित ने पत्र में बताया कि दो जून को अपराह्न चार बजे रुपये लेकर फरदिया चौराहा के पास नहर के पुल पर बुलाया। यहां दो लोग पहले से ही खड़े थे। पीड़ित ने कहा कि उसके पास सिर्फ दस लाख रुपये हैं। वह इतने के ही सिक्के खरीद सकता है। उससे पैसे ले लिए और इंतजार करने को कहा। एक व्यक्ति को भी पीड़ित के पास खड़ा कर गए। काफी देर तक कोई नहीं लौटा तो वहां खड़ा व्यक्ति बोला कि वह देखकर आता है कि ये लोग कहां रह गए। वह भी रफूचक्कर हो गया। पीड़ित ने उन लोगों को तलाश करने की कोशिश की जो सिक्के बेचने वाले को साथ में लेकर आए थे। हालांकि उनका भी कुछ पता नहीं चला। एसपी से भी शिकायत की गई है। बताया जा रहा है कि इस तरह का एक गिरोह जिले में सक्रिय है जो लोगों को लालच देकर फंसा लेते हैं। उनसे ठगी करते हैं।