पीलीभीत: भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने किया धरना प्रदर्शन, डीएम को सौंपा ज्ञापन, उठाईं कई मांगें
पीलीभीत में किसानों की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को धरना प्रदर्शन किया। इसके बाद जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया।
विस्तार
पीलीभीत में किसानों की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को धरना प्रदर्शन किया। इसके बाद जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया। इसमें किसानों को समय से खाद उपलब्ध कराने, विद्युत आपूर्ति में सुधार, क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत और आवारा पशुओं से निजात दिलाने समेत कई मांगें उठाई गईं।
ज्ञापन में संगठन ने कहा कि जिले में किसानों को डीएपी और यूरिया की पर्याप्त मात्रा में उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। सभी ब्लॉक और तहसील क्षेत्रों में खाद की उपलब्धता की निगरानी कर किसानों को परेशानी से बचाया जाए। किसानों ने विद्युत कटौती कम करने और शासन के निर्देशों के अनुसार समय से बिजली उपलब्ध कराने की मांग भी की। संगठन ने पूरनपुर क्षेत्र में सड़क और जलभराव की समस्याओं का मुद्दा भी उठाया।
पचपेड़ा पहलादपुर लिंक मार्ग सहित अन्य जर्जर मार्गों की मरम्मत कराने और जल निकासी की व्यवस्था कराने की मांग की गई। इसके अलावा तहसील पूरनपुर क्षेत्र में जंगल और खेतों के आसपास जंगली पशुओं से किसानों की फसलों को हो रहे नुकसान को रोकने के लिए प्रभावी कार्रवाई की मांग की गई।
छुट्टा पशुओं को पकड़वाने की मांग
ज्ञापन में जिले में आवारा पशुओं की समस्या का भी उल्लेख करते हुए ब्लॉक स्तर पर अधिकारियों को जिम्मेदारी देकर पशुओं को पकड़ने की व्यवस्था करने की मांग की गई। सरकारी धान क्रय केंद्रों पर किसानों के लिए निर्धारित स्थानों पर ही केंद्र संचालित कराने और कृषि उत्पादन मंडी समितियों में धान की उपज की नियमों के अनुसार खरीद सुनिश्चित कराने को कहा गया। किसानों ने ब्लॉकों में गेहूं सरसों आदि उन्नत प्रजाति के बीज समय से उपलब्ध कराने तथा पूरनपुर-चैनपुर मार्ग पर रोडवेज बस सेवा समय से चलाने की मांग भी रखी।
संगठन ने चेतावनी दी कि समस्याओं का समाधान न होने पर आंदोलन किया जाएगा। यूनियन ने ग्राम पंचायत परसादपुर में आवासों के नाम पर कथित गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए अलग ज्ञापन भी दिया। ज्ञापन देने वालों में जिला अध्यक्ष मंजीत सिंह, दिनेश कुमार, रेशमा वर्मा, बाबूराम वर्मा, पवन वर्मा, चंद्रसेन, श्रीकृष्ण, शंकरलाला समेत संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।