पीलीभीत: रात में बिजली कटौती से भड़का गुस्सा, बिजली उपकेंद्र पहुंचे सैकड़ों उपभोक्ता, किया हंगामा
पीलीभीत के पूरनपुर तहसील क्षेत्र में अघोषित बिजली कटौती से परेशान सैकड़ों उपभोक्ताओं ने बुधवार देर रात प्रदर्शन किया। वे चाट फिरोजपुर स्थित 132 केवी उपकेंद्र पहुंचे और आपूर्ति सुचारु करने की मांग की। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को शांत कराया।
विस्तार
पीलीभीत के पूरनपुर तहसील क्षेत्र में रात के समय लगातार की जा रही अघोषित बिजली कटौती से परेशान सैकड़ों उपभोक्ताओं का बुधवार देर रात गुस्सा फूट पड़ा। शेरपुर कलां, जटपुरा और टंडोला क्षेत्र के लोग बड़ी संख्या में बाइक से चाट फिरोजपुर स्थित 132 केवी उपकेंद्र पहुंच गए। अचानक बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं के पहुंचने से बिजलीघर परिसर में अफरातफरी की स्थिति बन गई। लोगों ने कटौती के विरोध में जमकर प्रदर्शन किया और आपूर्ति सुचारु कराने की मांग उठाई। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराया।
कोतवाली क्षेत्र के शेरपुर कलां गांव स्थित बिजलीघर से टंडोला क्षेत्र के कई गांवों को आपूर्ति की जाती है। ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले कई दिनों से दिन के साथ ही रात में भी बिना किसी पूर्व सूचना के बिजली काटी जा रही है। इससे गर्मी और उमस के बीच लोगों की परेशानी बढ़ गई है। उपभोक्ताओं का कहना है कि समस्या को लेकर कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं हुआ।
बुधवार रात फिर लंबे समय तक बिजली न आने पर शेरपुर कलां के अलावा जटपुरा और टंडोला क्षेत्र के उपभोक्ताओं में आक्रोश बढ़ गया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग अपने वाहनों से बिजलीघर पहुंच गए। उन्होंने परिसर के बाहर प्रदर्शन करते हुए विभागीय अधिकारियों के खिलाफ नाराजगी जताई।
नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग
मौके पर पहुंचे बिजलीघर एसएचओ को उपभोक्ताओं ने ज्ञापन सौंपा। इसमें रात के समय की जा रही अघोषित कटौती तत्काल बंद कराने और नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की गई। लोगों ने कहा कि लगातार बिजली बंद रहने से रात जागकर गुजारनी पड़ रही है। बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है। उपभोक्ताओं ने चेतावनी दी कि समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ तो वह दोबारा आंदोलन करने को मजबूर होंगे।