3 एंटी भूमाफिया टास्क फोर्स के नेतृत्व में शहर के यशवंतरी रोड पर जमे 11 अतिक्रमणकारियों द्वारा किए गए अवैध कब्जों को ध्वस्त कर दिया गया। भारी पुलिस फोर्स के चलते कोई अतिक्रमणकारी विरोध करने का साहस नहीं जुटा सका। शहर के यशवंतरी रोड पर नगर पालिका की भूमि पर लंबे अरसे से कुछ लोगों ने अवैध कब्जा कर छप्पर डालकर घर बना रखे थे। कई लोगों ने खोखा व फड़ लगाकर कब्जा कर रखा था। कुछ दिन पूर्व राजस्व व पालिका प्रशासन द्वारा अवैध कब्जों को चिह्नित करने की कार्रवाई की गई थी। इधर शुक्रवार को एसडीएम सदर पूर्णिमा सिंह के नेतृत्व में एंटी भूमाफिया टास्क फोर्स टीम द्वारा उक्त रोड के किनारे किए गए अवैध कब्जों को हटाने की कार्रवाई की गई। भारी पुलिस फोर्स की मौजूदगी में टीम ने राजेश स्वरूप, प्रमोद कुमार, प्रभुदयाल, राजाराम, जमुना, रामचरन, राजू, रामऔतार, रामेश्वरदयाल, रामप्रकाश व अरविंद कुमार के छप्परपोश मकान को जेसीबी मशीन से ढहवा दिया गया। शहर में एकाएक हुई कार्रवाई को लेकर मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। अभियान यशवंतरी रोड तिराहे से लेकर ठेका पुलिस चौकी तक चलाया गया। एसडीएम सदर ने बताया कि शहर में जहां-जहां अवैध कब्जे हैं, उन स्थानों पर एंटी भूमाफिया टास्कफोर्स टीम द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी। टीम में सीओ सिटी निशांक शर्मा, कोतवाल देशपाल सिंह, सुनगढ़ी एसओ गोपीचंद, ठेका चौकी प्रभारी, रहमत खां, राजस्व लेखपाल मदनलाल, संपत्ति अधिकारी संतोष कुमार समेत कई अन्य राजस्व व पालिका कर्मचारी मौजूद रहे।