एक मिस्ड काल ने बर्बाद की छात्रा की जिंदगी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मोबाइल फोन पर आई मिस्ड कॉल ने एक छात्रा की जिंदगी बर्बाद कर दी। छात्रा औरैया निवासी युवक के झांसे में आ गई और घर से करीब 3.20 लाख नगदी और जेवर लेकर लखनऊ पहुंच गई। लेकिन वहां पहुंचते ही उसके सपने हवा हो गए, जब युवक ने उसको एक कमरे में कैद कर दिया और साथियों के साथ उसका शारीरिक शोषण शुरू कर दिया। जुल्म की इंतेहा तब हो गई जब लड़की के बाहर आने-जाने और अजनबी से मिलने जुलने तक पर पाबंदी लगा दी। पुलिस ने आरोपी युवक और उसके तीन साथियों को पकड़ लिया है। कब्जे से 1.60 लाख रुपये और जेवर बरामद कर सभी को जेल भेज दिया है।
नगर की एक कॉलोनी में रहने वाली बीए प्रथम वर्ष की छात्रा के मोबाइल पर किसी सोनल नाम की लड़की की मिस्ड कॉल आई। उत्सुकतावश छात्रा ने उस नंबर पर फोन मिलाया तो सोनल ने उसको अपनी बातों में फंसा लिया और दोस्ती गांठ ली। बस फिर क्या था दोनों में बातों का दौर शुरू हो गया। इसी दौरान सोनल ने औरैया निवासी दीपक से भी उसकी दोस्ती करा दी। दीपक ने छात्रा को अपने प्रेमजाल में फंसा लिया। करीब महीने भर बाद छात्रा को लखनऊ आने को कहा।
तयशुदा कार्यक्रम के मुताबिक आठ अक्तूबर को छात्रा 3.20 लाख रुपये तथा जेवर लेकर मुरादाबाद पहुंच गई। मुरादाबाद में आरोपी युवक और उसका साथी मिला। दोनों उसे लेकर लखनऊ आ गए। पीड़िता के मुताबिक लखनऊ पहुंचते ही दोनों ने मोबाइल छीन लिया। उसको एक कमरे में बंद कर दिया। यहां तक की किसी से मिलने-जुलने पर भी पाबंदी लगा दी और उसका शारीरिक शोषण करने लगे।
इधर, परिजनों ने बहजोई थाने में शक के आधार पर डिबाई (बुलंदशहर) के विशाल समेत पांच लोगों पर 3.20 लाख की नगदी और जेवर समेत ले जाने का मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने सर्विलांस पर मोबाइल लगाया तो लोकेशन लखनऊ मिली। पुलिस लखनऊ पहुंची तब तक युवक वहां से भाग गए। एसआई होरी सिंह के मुताबिक युवकों को दिल्ली के लिए भागते समय चंदौसी रेलवे स्टेशन पर गिरफ्तार किया गया है। इनके खिलाफ लड़की को झांसा देकर भगाने तथा बलात्कार के साथ संपत्ति हड़पने का मामला दर्ज किया है।
अंजान नंबर पर बात करते समय बरतें सावधानी
-यदि आपके पास किसी अपरिचित नंबर से कॉल आती है और आप उनसे बेवजह लंबी बात कर रहे हैं तो यह आपके लिए नुकसानदायक हो सकता है।
- अनजान नंबरों पर लंबी बात न करें।
- कॉल सेंटर के नंबरों से कॉल आने पर बात न करें।
- अपरिचित नंबरों पर जानकारी मांगी जाए तो न दें।
- अपरिचित नंबर यदि परेशान करे तो पुलिस को इसकी सूचना दें।