यूपी: वोटर लिस्ट की हर गड़बड़ी होगी चिह्नित, बिना आपकी मंजूरी नहीं बदलेगा नाम; सुधार के लिए देना होगा फॉर्म-8
उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची की त्रुटियां दूर करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। नाम, जन्मतिथि, रिश्तेदार का नाम, मोबाइल नंबर और फोटो में गड़बड़ी चिह्नित होगी। बूथ स्तरीय अधिकारी सत्यापन करेंगे। किसी भी जानकारी में बदलाव मतदाता की सहमति और हस्ताक्षरित प्रपत्र आठ मिलने के बाद ही होगा।
विस्तार
विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 में मतदाता सूची की त्रुटियां दूर करने के लिए निर्वाचन आयोग विशेष अभियान चलाएगा। इसके तहत एसआईआर-2026 के दौरान मतदाताओं से जुटाए गए विवरणों का मौजूदा मतदाता सूची में दर्ज जानकारियों से मिलान किया जाएगा। नाम, जन्मतिथि, रिश्तेदार का नाम, संबंध का प्रकार, मोबाइल नंबर और फोटो में संभावित गड़बड़ियों को चिह्नित किया जाएगा। हालांकि, किसी भी मतदाता का विवरण उसकी सहमति और हस्ताक्षरित फॉर्म-8 के बिना नहीं बदला जा सकेगा।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बुधवार को बताया कि एक जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर विधानसभा क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के दौरान यह प्रक्रिया अपनाई जाएगी। इसका मकसद मतदाता सूची में दर्ज अशुद्ध और त्रुटिपूर्ण प्रविष्टियों की पहचान कर उनका नियमानुसार सत्यापन और सुधार करना है।
उन्होंने बताया कि मिलान के दौरान किसी प्रविष्टि में विसंगति मिलने पर उसे सत्यापन के लिए चिह्नित किया जाएगा। इसके बाद संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) मतदाता से संपर्क कर वास्तविक तथ्यों और उपलब्ध अभिलेखों के आधार पर जानकारी का भौतिक सत्यापन करेंगे। यदि किसी विवरण में सुधार की जरूरत होगी तो मतदाता से विधिवत भरा और हस्ताक्षरित फॉर्म-8 लिया जाएगा।
प्राप्त आवेदनों की जांच सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (एईआरओ) और निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) करेंगे। जरूरी दस्तावेजों के परीक्षण के बाद ही संशोधन पर निर्णय लिया जाएगा। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि किसी भी मतदाता के नाम, संबंधी के नाम, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर या फोटो में स्वत: बदलाव नहीं होगा। जिला निर्वाचन अधिकारियों को बीएलओ के सत्यापन कार्य की निगरानी करने और आयोग के निर्देशों का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए गए हैं।
