गेहूं क्रय केंद्रों का शुभारंभ, गेहूं नहीं पहुंचा
जानसठ/रतनपुरी। जानसठ क्षेत्र में गेहूं क्रय केंद्रों का शुभारंभ हो गया। लेकिन केंद्रों पर किसान गेहूं लेकर नहीं पहुंचे। किसान अनंगपाल राठी, सतेंद्र, शमशाद, बिजेंद्र, दीपचंद, सतपाल आदि का कहना है कि अभी तक गेहूं नहीं पके हैं। जिससे किसान गेहूं लेकर केंद्रों पर नहीं पहुंचे। उधर, रतनपुरी क्षेत्र में किसान सेवा सहकारी समिति लिमिटेड बड़सू पर पीसीएफ द्वारा गेहूं क्रय केंद्र का शुभारंभ किया गया।
सरकारी गेहूं क्रय केंद्र बड़सू पर तैनात केंद्र प्रभारी रामभूल सिंह ने बताया कि इस केंद्र पर एक अप्रैल से गेहूं की खरीद प्रारंभ की गई है। किसानों को जनसेवा केंद्र पर जाकर खतौनी की सहायता से अपना पंजीकरण कराना होगा। इसके बाद खरीदे गए गेहूं की कीमत किसान के बैंक खाते में ऑनलाइन भेजी जाएगी। गेहूं का मूल्य सरकार द्वारा 1975 रुपये क्विंटल निर्धारित किया गया है। केंद्र पर गेहूं खरीद के लिए सभी आवश्यक तैयारी पूर्ण कर ली गई है। केंद्र प्रभारी रामभूल सिंह का कहना है कि इस क्षेत्र में अभी तक गेहूं की फसल पूर्ण रूप से पकी नहीं है। अभी फसल पकने में एक से दो हफ्तों का समय लग सकता है। इसके बाद ही गेहूं की खरीद आरंभ हो सकेगी।