देवबंद। चुनाव की आचार संहिता खत्म होने के बाद प्रथम बार आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों का टोटा रहा। अधिकारियों के समक्ष महज 8 फरियादी ही अपनी शिकायत लेकर पहुंचे परंतु किसी भी शिकायत का मौके पर निस्तारण नहीं होने से फरियादियों में मायूसी देखी गई।
शनिवार को खंड विकास कार्यालय में एसडीएम दीपक कुमार के नेतृत्व में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ। जिसमें तहसील, राजस्व, सिंचाई और बिजली समेत पुलिस विभाग की 8 शिकायतें ही पहुंचीं। जिन्हें अधिकारियों ने तत्काल ही निस्तारण के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों के सुपुर्द किया। एसडीएम ने बताया कि 8 शिकायतें आई थीं, लेकिन निस्तारण किसी शिकायत का नहीं हुआ। इस दौरान जल जीवन मिशन की डीपीएमयू टीम की कोआर्डिनेटर अंजू रानी और भारतीय महिला कल्याण एवं बाल विकास शोध संस्थान के टीम लीडर महिपाल सिंह ने जल जीवन मिशन की जानकारी देते हुए अधिकारियों के मोबाइल में जनगण एप डाउनलोड कराया, साथ ही जल संरक्षण का प्रशिक्षण दिया। उन्होंने दूषित जल से होने वाली बीमारियों ओर स्वच्छ जल को सुरक्षित रखने से संबंधित विभिन्न जानकारी दी। समाधान दिवस में सीओ दुर्गा प्रसाद तिवारी, सहकारी गन्ना समिति के विशेष सचिव प्रेमचंद चौरसिया आदि मौजूद रहे।