देवबंद। महंगाई के बावजूद विजयदशमी पर दहन होने वाले रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतलों का कद बढ़ गया है। रामलीला कमेटी ने इस बार पुतलों की लंबाई में 2-2 फुट की वृद्धि कर दी है, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
मोहल्ला जनकपुरी निवासी प्रियांक नागर पिछले पांच छह दिन से रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतले बनाने का कार्य में जुटे हैं। प्रियांक नागर बताते हैं कि उनके परदादा सुंदरलाल नागर ने सबसे पहले पुतले बनाने का काम शुरू किया था। उनकी मृत्यु के बाद उनके दादा त्रिलोकचंद नागर उसके बाद उनके पिता सतीश कुमार नागर ने भी दशहरा पर्व पर पुतले बनाए हैं। वह इस परिवार की चौथी पीढ़ी हैं, जो अपने परिवार की परंपरा कायम किए हुए हैं। उन्होंने बताया कि पुतले बनाने का काम अंतिम चरण में चल रहा है। भले ही महंगाई बढ़ गई हो, लेकिन पुतलों में इस बार पूर्व की अपेक्षा दो-दो फुट की वृद्धि की गई है। रावण का पुतला 22 की जगह 24 फुट तथा मेघनाद व कुंभकर्ण के पुतले 20 की जगह 22-22 फुट के बनाए गए हैं जो भक्तों के आकर्षण का केंद्र होंगे। श्री विष्णु कला मंडल के अध्यक्ष नितिन गुप्ता ने बताया कि पुतलों का दहन शुक्रवार (विजयदशमी) को शाम 7 बजे देवीकुंड मैदान में किया जाएगा। इस दौरान होने वाले राम रावण महासंग्राम मंच का उद्घाटन दून वैली पब्लिक स्कूल के चेयरमैन राजकिशोर गुप्ता व अनुराग सिंघल संयुक्त रूप से करेंगे। इससे पूर्व नगर में बैंडबाजों व झांकियों के साथ विजयदशमी की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी।