मुजफ्फरनगर: प्रेमी युगल को बरामद करने पहुंची पुलिस टीम पर पथराव, पुलिसकर्मियों को बंधक बनाने का आरोप
- पुलिसकर्मियों को एक कमरे में बंधक बनाकर पिटाई करने का आरोप
- बघरा में प्रेमी युगल को बरामद करने पहुंची थी मीरापुर थाने की पुलिस
- 12 लोगों के खिलाफ हमले समेत संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज
विस्तार
मीरापुर थाना क्षेत्र के गांव संभलहेड़ा निवासी एक ही वर्ग का प्रेमी युगल नौ जनवरी को लापता हो गया था। इस मामले में तीन लोगों के खिलाफ अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। सोमवार देर रात करीब 11 बजे मीरापुर बीआईटी चौकी प्रभारी एसआई यूनुस खान, संभलहेड़ा चौकी प्रभारी एसआई जितेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ बघरा चौकी पहुंचे।
यहां से पुलिस टीम प्रेमी युगल की बरामदगी के लिए कस्बा निवासी तनवीर कुरैशी के घर दबिश दी। आरोप है कि पुलिस टीम को देखते ही आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया। जमकर पथराव कर पुलिसकर्मियों को एक कमरे में बंधक बनाकर मारपीट की गई।
करीब आधा घंटे बाद किसी तरह बंधक पुलिस टीम ने वहां से निकलकर घटना की जानकारी दी, जिससे हड़कंप मच गया। अफसर तत्काल भारी फोर्स लेकर आरोपी के घर पहुंचे, लेकिन तब तक वे फरार हो चुके थे। इस दौरान शोर मच गया कि हमले के दौरान एक पुलिसकर्मी से सर्विस रिवाल्वर भी लूट लिया गया था, जिसे एक ग्रामीण ने देर रात थाने पहुंचकर लौटाया।
मामले में एसआई जितेंद्र सिंह की तहरीर पर तनवीर कुरैशी, शादाब, आबाद, सुहेल, मुन्ना, मेघा, काला पहलवान, जीशान, तहसीन, नदीम और करीम के साथ ही एक अज्ञात के खिलाफ संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
इन्होंने कहा ......
कार्यवाहक एसएसपी अर्पित विजय वर्गी ने बताया कि दबिश देने गई मीरापुर पुलिस के साथ कुछ लोगों ने मारपीट की थी। दरोगा की ओर से रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दो टीमों का गठन किया गया है।