मुजफ्फरनगर। शहीद सैनिक प्रशांत का शव जैसे ही घर पहुंचा, पूरे परिवार पर मानो गम का पहाड़ टूट पड़ा। अपने बेटे को ऐसे देखते ही मां रीता देवी शव से लिपट कर फफक पड़ी। बोली बेटा तुझे दूल्हा बना देखना चाहती थी, ये क्या हो गया, यह कहकर मां बेसुध हो गई। परिजनों ने उसे पानी पिलाया। शहीद के पिता शीशपाल, भाई प्रशांत और बहन प्रिया उर्फ प्रियंका का भी रो-रोकर बुरा हाल था। चचेरा भाई विक्की शर्मा गश खाकर गिर पड़ा। मेरठ के अरनावली से आई आंचल भी प्रशांत के शव को देखकर फफक पड़ी। परिजनों ने उसे संभाला। प्रशांत और आंचल की शादी छह दिसंबर को होनी थी।
खांजापुर में प्रशांत शर्मा का शव सैनिकों की मौजूदगी में घर पर पहुंचा। परिजन अपने लाडले को आखिरी बार देखने के लिए ताबूत के निकट पहुंचे तो भीड़ ने चारों तरफ से घेर रखा था। मां रीता देवी ने बेटे के शव को देखा तो वह फफक-फफक कर रो पड़ी। मां बोली, बेटा तुझे तो शादी के लिए आना था, तू पहले कैसे आ गया। मैंने तेरे लिए क्या सपने नहीं सजाए थे। पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल था।