रतनपुरी। एडीएम अतुल कुमार एवं एसडीएम खतौली अजय कुमार अंबष्ट ने राजस्व टीम के साथ मौके पर पहुंचकर रतनपुरी में टेलीफोन एक्सचेंज के सामने नवनिर्मित बारात घर की जांच की।
एसडीएम खतौली के अनुसार रतनपुरी के कुछ ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को शिकायत की थी कि ग्राम प्रधान सर्वेश देवी द्वारा टेलीफोन एक्सचेंज के सामने स्थित राजस्व विभाग की जमीन पर अवैध रुप से बारात घर तैयार कराया जा रहा है। जिलाधिकारी सेल्वा कुमारी जे ने उक्त प्रकरण की एडीएम अतुल कुमार को जांच के लिए निर्देश दिए। बृहस्पतिवार को एडीएम व एसडीएम राजस्व निरीक्षक गुलजारी लाल एवं हल्का लेखपाल अमरदीप के साथ मौके पर पहुंचे। एडीएम ने मौके पर नवनिर्मित बारात घर की गहनता के साथ जांच की। राजस्व टीम द्वारा नवनिर्मित भवन एवं उसके बाहर बनाए गए पार्क की पैमाइश भी कराई। राजस्व विभाग की जमीन में ग्राम प्रधान द्वारा कराए गए निर्माण कार्य का अभिलेखों से मिलान भी कराया गया। एडीएम ने ग्राम प्रधान के पति कपिल सोम एवं अन्य ग्रामीणों से इस संबंध में पूछताछ भी की। एसडीएम ने बताया कि उच्च अधिकारियों के निर्देश पर स्थलीय निरीक्षण किया गया है। जांच रिपोर्ट जिलाधिकारी को प्रेषित की जाएगी। इस दौरान ग्राम प्रधान पति कपिल सोम, विनोद कुमार, वीरेंद्र सिंह, नंदपाल, राजेश सिंह, ओमप्रकाश, सतेंद्र चौहान उपस्थित रहे।