संभल सीओ अनुज चौधरी: मुफ्ती ने पुलिस अधिकारी को बताया पार्टी प्रवक्ता, बोले- नाैकरी छोड़कर करें राजनीति
संभल हिंसा के बाद सीओ अनुज चौधरी के बयान पर सियासत गर्म हो गई है। मुजफ्फरनगर के मुफ्ती ने सीओ को पार्टी विशेष का प्रवक्ता कह डाला और कहा कि उन्हें नाैकरी छोड़कर राजनीति करनी चाहिए।
विस्तार
संभल हिंसा के बाद सीओ अनुज चौधरी अपने बयानों और तेवर से सुर्खियां बटोर रहे रहे हैं। होली और जुमे पर वायरल हुए उनके बयान के बाद ऑल इंडिया इमाम संगठन के प्रदेश अध्यक्ष मुफ्ती जुल्फिकार ने कहा कि सीओ को नौकरी छोड़कर राजनीति करनी चाहिए। वह विशेष पार्टी के प्रवक्ता की तरह बयान दे रहे हैं।
कुश्ती के अर्जुन अवार्डी अनुज चौधरी जिले के बढ़ेड़ी गांव के रहने वाले हैं। पिछले दिनों उन्होंने संभल में होली और जुमा एक ही दिन होने के सवाल पर कहा था कि होली एक दिन होती है और साल में जुमा 52 बार आता है। मुस्लिम समुदाय में अगर किसी को आपत्ति है तो वह इस दिन घर से मत निकलें और अगर निकल रहे हैं तो बड़ा दिल होना चाहिए।
यह भी पढ़ें: नाम पर सियासत: भाजपा समर्थक बाेले-मुजफ्फरनगर नहीं, अब रखिए लक्ष्मीनगर, इस तरह जोर पकड़ रही मांग
सीओ का बयान वायरल हुआ तो ऑल इंडिया इमाम संगठन के प्रदेश अध्यक्ष मुफ्ती जुल्फिकार ने प्रतिक्रिया दी है। उनका कहना है कि सीओ विशेष पार्टी के प्रवक्ता की तरह बयान दे रहे हैं। उनके बयानों से लगता है कि वह राजनीति करना चाहते हैं।
अगर सीओ राजनीति ही करना चाहते हैं तो नौकरी छोड़ दें। आम आदमी को पुलिस पर भरोसा है, यह भरोसा कायम रहना चाहिए। सीओ संभल के लगातार बयान आ रहे हैं। उन्हें निष्पक्ष होकर अपने फर्ज को अंजाम देना चाहिए।