खतौली (मुजफ्फरनगर)। भाकियू अध्यक्ष नरेश टिकैत के बाद अब भाजपा विधायक विक्रम सैनी ने सैनी समाज को राम का वंशज होने का दावा किया है। उन्होंने कहा कि हम ग्रंथों के माध्यम से साबित कर सकते हैं कि सैनी, कुशवाह, शाक्य, मौर्य, गहलौत, माली, सिसौदिया, गुहिल आदि कई खाप राम के वंशज हैं। सैनी समाज के पास सूर्यवंशी सैनी वंश का इतिहास है।
दयालपुरम कालोनी में कैंप कार्यालय पर पत्रकारों से वार्ता करते हुए विधायक ने कहा कि राम के वंशज देश के कोने-कोने में निवास करते हैं। औरंगजेब के जमाने में जिन हिंदुओं को जबरदस्ती मुस्लिम बना दिया गया था, वे भी भगवान राम के वंशज हैं। विधायक ने कहा कि श्रीराम जन्मभूमि की सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने पूछा है कि क्या कोई इस समय श्रीराम के वंशज हैं। मेरा यह कहना है कि श्रीराम के वंशज भारत में निवास करते हैं। कांग्रेस का यह कहना कि श्रीराम तो थे ही नहीं, पैदा हुए ही नहीं। उनके वंश कहां से आ जाएंगे। यह कहना कांग्रेस का गलत है। पूरा हिंदू भगवान श्रीराम का वंशज है। इतिहास झूठा नहीं है। उन्होंने कहा कि हम ग्रंथों के माध्यम से कह सकते हैं कि सैनी, कुशवाह, शाक्य, मौर्य, गहलौत, माली, सिसौदिया, गुहिल आदि कई खाप राम के वंशज हैं। हम रघुवंशी हैं। अगर हमें यह साबित करने के लिए बुलाया गया तो वे सबूत के साथ साबित कर देंगे कि हम रघुवंशी हैं। पत्रकार वार्ता में प्रधानाचार्य सुबोध सैनी, श्याम लाल सैनी, रोहिताश्व सैनी, करतार सिंह सैनी, राजू सैनी, रोहताश, विनय सैनी, राजकुमार सैनी, विधायक प्रतिनिधि पंकज भटनागर आदि मौजूद रहे।