रतनपुरी। जिलाधिकारी सेल्वा कुमारी जे ने मनरेगा के तहत कराए जा रहे विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। बीडीओ खतौली पवन कुमार विश्वकर्मा ने बताया कि रामपुर गांव में मनरेगा के तहत मजदूरों ने गांव में काफी कार्य किए गए। करीब 1100 मीटर नाला खुदाई, गांव में रविदास मंदिर के पास गंगा चबूतरे का निर्माण, गांव में काली नदी आदर्श तालाब का निर्माण कार्य भी मनरेगा के तहत किया गया। काली नदी को अतिक्रमण मुक्त कराकर काली नदी पर मेढ़बंदी का कार्य भी मनरेगा मजदूरों के द्वारा कराया गया। नदी किनारे पौधरोपण का कार्य किया जा रहा है। इस अवसर पर डीएम ने एसडीएम इंद्रकांत द्विवेदी के साथ मिलकर काली नदी आदर्श तालाब पर पौधरोपण भी किया।
उन्होंने वहां मौजूद आशा कार्यकत्रियों से कोरोना संक्रमण को लेकर बातचीत की। उन्होंने कहा कि सभी आशा कार्यकत्रियां गांव में घर घर जाकर कोविड संक्रमण के बारे में ग्रामीणों को जागरुक करें और इससे बचने के लिए मास्क की उपयोगिता एवं साफ सफाई आदि अन्य सभी आवश्यक उपायों के विषय में भी जागरुक करने का कार्य करें। डीएम ने काली नदी के किनारे की जा रही तटबंदी को भी देखा। इस दौरान वहां पर काफी बच्चे एकत्रित हो गए। डीएम ने अपनी गाड़ी में रखे मास्क बच्चों को वितरित किए और उन्हें कोविड संक्रमण से बचने के लिए मास्क की उपयोगिता के बारे में भी समझाया। रामपुर में कराए गए मनरेगा कार्यों को देखकर डीएम ने ग्राम प्रधान राजकुमार सैनी और ग्राम पंचायत अधिकारी जितेन्द्र वर्मा की सराहना की। एसडीएम ने बताया कि रामपुर गांव में 12 प्रवासी मजदूरों सहित कुल 35 मजदूरों को मनरेगा के तहत कार्य प्रदान किया गया। इनमें से कुछ मजदूर दिल्ली, नोएडा, हरिद्वार, हरियाणा के सोनीपत आदि स्थानों पर विभिन्न फैक्टरियों में काम करते थे। लेकिन लॉकडाउन लगने के बाद ये मजदूर वापस अपने गांव लौट आये थे।