रामपुर तिराहा कांड: फर्जी हथियार बरामदगी के मामले में CBI की बहस पूरी, अगली सुनवाई के लिए तय हुई ये तारीख
Muzaffarnagar News : रामपुर तिराहा कांड में इस मामले को लेकर सीबीआई की ओर से बहस पूरी हो गई है। अब इस मामले में बचाव पक्ष बहस करेगा। सुनवाई के लिए यह तारीख तय की गई है।
विस्तार
मुजफ्फरनगर में रामपुर तिराहा कांड में पीड़ितों से हथियारों की फर्जी बरामदगी के मामले में सीबीआई की ओर से बहस पूरी हो गई है। अब बचाव पक्ष बहस करेगा। सिविल जज सीनियर डिवीजन मयंक जायसवाल ने अगली सुनवाई के लिए दो अप्रैल नियत की है।
उत्तराखंड संघर्ष समिति के अधिवक्ता अनुराग वर्मा ने बताया कि सिविल जज सीनियर डिजीवल की अदालत में सीबीआई बनाम बृज किशोर की पत्रावली की सुनवाई हुई। आरोपी अनिल कुमार पेश हुए, जबकि आरोपी बृज किशोर और उमेश चंद शर्मा की ओर से हाजिरी माफी प्रार्थना पत्र दिया गया। अभियोजन पक्ष की ओर से बहस पूरी हो गई है। अब बचाव पक्ष अपनी बहस करेगा।
इस पत्रावली में सीबीआई की जांच में सामने आया था कि पुलिस ने पीड़ितों पर फर्जी बरामदगी का केस दर्ज किया था। शामली के झिंझाना थाने के तत्कालीन इंस्पेक्टर रहे बृज किशोर मुख्य आरोपी है।
यह भी पढ़ें: फ्लैशबैक: भूमि दान कर चर्चा में आए, देश के प्रधानमंत्री पद तक पहुंचे वीपी सिंह, मुजफ्फरनगर से खोला था मोर्चा
क्या था मामला
एक अक्तूबर, 1994 को अलग राज्य की मांग के लिए देहरादून से बसों में सवार होकर आंदोलनकारी दिल्ली के लिए निकले थे। देर रात रामपुर तिराहा पर पुलिस ने आंदोलनकारियों को रोकने का प्रयास किया था। पुलिस की फायरिंग में सात आंदोलनकारियों की मौत हो गई थी। सीबीआई ने जांच की। अलग-अलग मामले की सुनवाई अदालत में चल रही है।
यह भी पढ़ें: BJP का नया दांव: इन दो सीट से नए चेहरों को मैदान में उतारने की योजना, मेरठ से अरुण गोविल की दावेदारी पक्की