देवबंद (सहारनपुर)। दारुल उलूम ने देश के कोने कोने से देवबंद आकर शिक्षा हासिल करने की तमन्ना रखने वाले छात्रों के लिए बड़ा एलान किया है। संस्था के मोहतमिम मौलाना मुफ़्ती अबुल कासिम नोमानी की ओर से जारी एलान में संस्था में नए प्रवेश लेने का निर्णय लिया है। दारुल उलूम प्रबंधतंत्र ने कोरोनकाल की वजह से पिछले दो वर्षों से नए दाखिलों पर पाबंदी लगाया हुआ था।
वैश्विक महामारी कोरोना वायरस के चलते पिछले दो वर्षों से दारुल उलूम प्रबंधतंत्र ने सरकार की गाइडलाइन पर अमल करते हुए नए दाखिलों पर रोक लगाई हुई थी। जिससे देश के कोने कोने से देवबंद आकर तालीम हासिल करने की तमन्ना रखने वाले छात्र मायूस थे। सोमवार को संस्था के मोहतमिम मौलाना मुफ्ती अबुल कासिम नोमानी ने इस संबंध में एलान जारी किया है। जिसमें बताया गया कि मजलिस-ए-तालीमी ने शैक्षणिक वर्ष (रमजान बाद) नए दाखिले लेने का निर्णय लिया है। आगामी 9 मई से प्रवेश परीक्षाएं आरंभ होगी। जिसके चलते फारसी, अव्वल (कक्षा एक) अरबी, दोम (कक्षा दो) अरबी, सोम (कक्षा तीन) अरबी और चहारूम (कक्षा चार) अरबी के लिए 4 मई 2022 से 7 मई 2022 तक एडमिशन फॉर्म लेकर जमा करने होंगे, जबकि पंजुम (कक्षा पांच) अरबी से दौरे-ए-हदीस तक के छात्रों को 4 मई 2022 से 8 मई 2022 तक दाखिला फार्म जमा करने होंगे। जिसके बाद 9 मई 2022 से एंट्रेंस एग्जाम शुरू होंगे। मौलाना अबुल कासिम ने छात्रों को हिदायत दी है कि वह घर पर रहकर प्रवेश परीक्षा की तैयारी करें। रमजान में देवबंद आने के लिए सफर न करें। दारुल उलूम की नए प्रवेश लेने की घोषणा से देशभर के छात्रों में खुशी की लहर दौड़ गई है।

दारुल उलूम, देवबंद- फोटो : DEVBAND