कारगिल शहीदों की स्मृति में किया यज्ञ
मुजफ्फरनगर। कारगिल युद्ध के शहीद सैनिकों की पावन स्मृति में आर्य समाज की ओर से आयोजित यज्ञ में आहुतियां दी गई। संतोष विहार में वैदिक संस्कार चेतना केंद्र पर कारगिल विजय दिवस पर वेद मंत्रोच्चार के साथ यज्ञ हुआ। वैदिक संस्कार चेतना अभियान संयोजक आचार्य गुरुदत्त आर्य ने कहा कि देश की रक्षा को कारगिल में जिन 527 जवानों ने अपना बलिदान दिया, उनकी देशभक्ति अमर रहेगी। विद्यार्थी हर्षवर्धन, लक्षयदेव , देवांश तथा अनन्या दत्त ने देशभक्ति गीत सुनाए। यज्ञमान अथर्व भारद्वाज रहे। गांधी कालोनी के आर्य समाज मंदिर में आयोजित यज्ञ में कारगिल के सपूतों का स्मरण किया गया। वक्ताओं ने कहा कि सेना के शौर्य, त्याग और बलिदान से भारतीय सैनिकों की विश्व में मिसाल हैं। भारत भूमि वीरों की जननी है। इंद्र पाल सिंह आर्य, तिलक राम आर्य, देवेंद्र सिंह राणा, विजय पाल सिंह , गजेंद्र सिंह राणा, नीलम ढिंगरा आदि ने शहीदों की स्मृति को नमन किया। आर्य समाज नई मंडी के पूर्व प्रधान आनंद पाल सिंह आर्य, आर.पी.शर्मा, मंगत सिंह आर्य, सोमपाल आर्य आदि ने शहीदों को श्रद्धांजलि दी। मोहल्ला गऊशाला में ग्रीनलैंड मॉडर्न जूनियर हाईस्कूल में भारतीय योग संस्थान केंद्र पर कारगिल शहीदों को याद किया गया। योगाचार्य सुरेंद्र पाल सिंह आर्य, राजपाल सिंह, वीर सिंह, यज्ञदत्त आर्य, नीरज बंसल, सत्यवीर पंवार, अंकुर मान आदि ने श्रद्धासुमन अर्पित किए।