मुजफ्फरनगर : महिला के प्रेमी ने की थी छात्र की हत्या, वारदात के पांच दिन बाद हुआ चौंकाने वाला खुलासा
- बुलाने के बावजूद प्रेमिका के न आने पर मासूम का घोंट दिया था गला
- वारदात के पांच दिन बाद हुआ चौंकाने वाला खुलासा, आरोपी गिरफ्तार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
खतौली कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में 20 मार्च को सुबह करीब 11 बजे कक्षा-चार का छात्र स्कूल से लौटने के बाद घर से बाहर खेलने निकला और संदिग्ध हालात में लापता हो गया।
तलाशी के दौरान शाम के समय जंगल में छात्र की लाश मिली, जिसके हाथ-पैर बंधे हुए थे। गला घोंटकर उसकी हत्या की गई थी। इस घटना से कुछ देर पहले ही गांव में चार साल के मासूम से कुकर्म की घटना भी हुई थी, जिसके आरोपी जबरसिंह को ग्रामीणों ने मौके पर ही पकड़कर पुलिस को सौंप दिया था।
प्रथम दृष्टया जांच में पुलिस ने जबरसिंह को ही हत्या में भी शामिल मानते हुए गिरफ्तार कर लिया था। हालांकि पुलिस ने शक के आधार पर चार और लोग भी हिरासत में लिए थे, जिनसे लगातार पूछताछ चल रही थी। वारदात के पांच दिन बाद पुलिस ने छात्र हत्याकांड का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
एसएसपी अभिषेक यादव ने बताया कि गांव के ही राजेश के छात्र की मां से संबंध थे। 20 मार्च को हत्यारोपी ने कुकर्म के आरोपी जबरसिंह समेत गांव निवासी चार अन्य लोगों के साथ शराब पी थी। शराब पीते समय सभी लोग महिलाओं को लेकर बातें कर रहे थे। शराब पीने के बाद राजेश प्रेमिका के घर पहुंचा और उसे खेत में आने के लिए कहा।
काफी इंतजार के बावजूद जब प्रेमिका नहीं आई, तो खेत से घर लौटते हुए राजेश को उसका बेटा घर के बाहर खेलते हुए मिला, जिसे वह खेत में ले गया। वहां प्रेमिका के नहीं आने पर आरोपी ने गुस्से में आकर उसके बेटे के ही हाथ-पैर बांधने के बाद गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई रस्सी भी जंगल से बरामद कर ली है। एसएसपी ने बताया कि आरोपी राजेश को जेल भेज दिया गया है।
जबरसिंह को कुकर्म में भेजा जेल
खतौली कोतवाली क्षेत्र के गांव में बच्चे से किए गए कुकर्म में शामिल आरोपी जबर सिंह को भी पुलिस ने बुधवार को जेल भेज दिया है। आरोपी ने पूछताछ के दौरान जुर्म कबूल कर लिया था। एसएसपी अभिषेक यादव ने बताया कि पीड़ित बच्चे ने भी आरोपी की पहचान की थी। जांच में सामने आया कि सभी लोगों के साथ शराब पीकर घर लौटते हुए जबरसिंह घर के बाहर खेल रहे बच्चे को खेत में ले गया था, जहां उसने मासूम के साथ कुकर्म किया था।