Muzaffarnagar: हाईटेंशन लाइन के तार की चपेट में आने से बाइक सवार किसान की मौत, हंगामा
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में रविवार दोपहर को हुए सड़क हादसे में एक किसान की दर्दनाक मौत हो गई। बताया गया कि किसान मार्ग पर टूटे पड़े हाईटेंशन लाइन के तार की चपेट में आ गया, जिसमें करंट दौड़ रहा है। वहीं घटना से नाराज ग्रामीणों ने शव नहीं उठाने दिया, पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता दिलाने के आश्वासन के बाद शव उठने दिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना में लुहसाना-मंदवाडा मार्ग पर टूटे पड़े हाईटेंशन विद्युत तार की चपेट में आ जाने से बाइक सवार किसान की मौके पर मौत हो गई। विद्युत विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया। पुलिस को ग्रामीणों ने शव नहीं उठाने दिया। प्रशासनिक अधिकारियों ने पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता तथा परिवार के एक सदस्य को संविदा पर नौकरी देने का आश्वासन देकर शांत किया।
भौराकलां थाना क्षेत्र के गांव मोहम्मदपुर राय सिंह निवासी किसान हरमेर सिंह (55) पुत्र भूरे सिंह रविवार को बाइक पर सवार होकर बुढ़ाना जा रहे थे। क्षेत्र के लुहसाना-मंदवाडा मार्ग पर पड़े टूटे हुए हाईटेंशन विद्युत तार की चपेट में आ गए।
विद्युत प्रवाहित तार की चपेट में आने से किसान गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे में किसान की मौके पर ही मौत हो गई। किसान की मौत की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। नाराज ग्रामीणों ने हंगामा व प्रदर्शन शुरू कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम अरुण कुमार, एक्सईएन अजय कुमार केम, सीओ हिमांशु गौरव पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। ग्रामीणाें ने पुलिस को शव नही उठाने दिया और पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता व परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग की।
अधिकारियों ने पीड़ित परिवार को पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता व परिवार के एक सदस्य को संविदा पर नौकरी देने का आश्वासन देकर ग्रामीणों को शांत कराया। इंस्पेक्टर बृजेश कुमार शर्मा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।