मुजफ्फरनगर। लगातार सामने आ रहे कोविड-19 के मामलों को लेकर डीएम सेल्वा कुमारी जे ने शनिवार को जिला कारागार का निरीक्षण कर जेल अधीक्षक को कोरोना से संबंधित जरूरी दिशा-निर्देश दिए। डीएम ने जेल में चल रही सैंपल लेने की प्रक्रिया को भी परखा।
डीएम सेल्वा कुमारी जे शनिवार दोपहर अचानक जिला कारागार पहुंचीं, जहां उन्होंने जेल अधीक्षक एके सक्सेना से जेल में मिल रहे कोविड-19 मरीजों के संबंध में जानकारी ली। डीएम ने जेल में चल रही बंदियों के सैंपल लेने की प्रक्रिया का जायजा लिया। कहा कि जिन कैदियों के कोरोना जांच के लिए टेस्ट कराए जा रहे हैं, उन्हें संदिग्ध मानते हुए जांच रिपोर्ट आने तक अन्य बंदियों से बिल्कुल अलग रखा जाए, ताकि अन्य बंदियों में संक्रमण न फैल सके। वहीं, संक्रमण होने के बाद ठीक हुए कोरोना पीड़ित बंदियों को भी एक हफ्ते तक अलग आइसोलेशन वार्ड में रखकर उनके स्वास्थ्य की निगरानी की जाए। जेल में प्रतिदिन सौ कैदियों के कोरोना वायरस के टेस्ट कराए जाने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि यह संक्रमण जेल में न फैल सके और पीड़ितों के साथ ही संदिग्ध मरीजों को भी त्वरित और अच्छा उपचार उपलब्ध कराया जा सके। सीडीओ आलोक यादव, एडीएम प्रशासन अमित कुमार, सीएमओ डॉ प्रवीण चोपड़ा आदि मौजूद रहे।