Muzaffarnagar: नौ साल पहले बदलवाया धर्म, बनाया नूरजहां, भूमिगत हुए अशफाक का मोबाइल बंद, कई राज्यों में तलाश
मुजफ्फरनगर में भाजपा महिला नेता के धर्मांतरण मामले में नामजद आरोपी अशफाक राजू उर्फ राजीव बालियान फरार हो गया है। पुलिस उसकी तलाश में कई राज्यों में दबिश दे रही है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और आगे की जांच जारी है।
विस्तार
मुजफ्फरनगर जनपद में भाजपा की महिला नेता के धर्मांतरण के मामले में प्राथमिकी दर्ज होते ही आरोपी अशफाक राजू उर्फ राजीव बालियान परिवार के साथ भूमिगत हो गया। आरोपी के मोरना स्थित आवास पर दिनभर ताला लटका रहा। गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित की गई। शहर के सीसीटीवी भी पुलिस ने खंगाले।
आरोपी को आखिरी बार एसएसपी आवास पर देखा गया, इसके बाद से उसका मोबाइल स्विच ऑफ हो गया है। उत्तराखंड के अलावा आरोपी की तलाश नोएडा में की जा रही है। आरोपी के प्रयागराज पहुंचने की आशंका है।
नोएडा में रह रही भाजपा की महिला नेता ने बृहस्पतिवार को अशफाक के अलावा उसके बेटे माजिद, फैजान, बेटियां आयशा और खुशबू के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पहचान छिपाकर यौन उत्पीड़न करने, संपत्ति की ठगी और धर्मांतरण का आरोप है।
शुक्रवार को पुलिस ने आरोपी की तलाश में न्यायालय परिसर में भी जाल बिछाया लेकिन कामयाबी हाथ नहीं लगी। पुलिस की एक टीम ने देहरादून, हरिद्वार में जांच की। मेरठ, नोएडा और प्रयागराज में भी आरोपी के ठिकानों पर जानकारी जुटाई गई।
महिला का मेडिकल हुआ, दर्ज नहीं हो सके बयान
धर्मांतरण के प्रकरण में महिला भाजपा नेता का मेडिकल परीक्षण कराया गया। सीओ लक्ष्मण सिंह वर्मा ने बताया कि मेडिकल की प्रक्रिया पूरी हो गई है लेकिन अदालत में पीड़िता के बयान दर्ज नहीं हो सके है। शनिवार को बयान दर्ज कराए जाएंगे।
नोएडा की रहने वाली भाजपा नेता ने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर मोरना निवासी अशफाक राजू उर्फ राजीव बालियान पर धर्मांतरण का आरोप लगाया था। एसएसपी के आदेश पर भोपा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई। आरोप है कि 2016 में आरोपी से पहली मुलाकात हुई। 2017 में कलियर शरीफ ले जाकर धर्मांतरण कराकर आरोपी ने निकाह कर लिया। 2021-22 में आरोपी ने प्रधान पद के पोस्टर चस्पा किए तो उसके मुस्लिम होने की जानकारी मिली। प्लॉट के नाम पर 30 लाख रुपये की धोखाधड़ी का आरोप है।
आरोपी अशफाक की फेसबुक आईडी में भी बीजेपी जोड़ा गया है। उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और दिल्ली के भाजपा नेताओं के साथ फोटो की पोस्ट कर लोगों के सामने आरोपी ने अपना दबदबा दिखाने का प्रयास किया है। पुलिस सोशल मीडिया खाते भी तलाश रही है।
हाईकोर्ट की शरण ले सकता है अशफाक
हिंदू संघर्ष समिति के संयोजक नरेंद्र पंवार का कहना है कि जानकारी मिली है कि आरोपी अशफाक एसएसपी ऑफिस से निकलते ही पुलिस को चकमा देकर प्रयागराज चला गया है। जानकारी मिली है कि वह हाईकोर्ट से राहत पाने की कोशिश कर रहा है। पीड़िता की ओर से भी वकील तैयार किया गया है। न्याय के लिए संघर्ष जारी रहेगा।