Muzaffarnagar Accident: अनियंत्रित ट्रक की टक्कर से हादसा, भाकियू नेता और महिला घायल, राहगीर की मौत
मुजफ्फरनगर के पीनना में देर रात अनियंत्रित ट्रक ने भाकियू नेता की कार और सड़क किनारे बने मकान में टक्कर मार दी। हादसे में एक राहगीर की मौत हो गई, जबकि भाकियू नेता राजू पीनना और एक महिला घायल हुए हैं। पुलिस ने ट्रक चालक और परिचालक को हिरासत में लिया है।
विस्तार
मुजफ्फरनगर जनपद के पानीपत-खटीमा हाइवे पर गांव पीनना में शुक्रवार देर रात एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने बड़ा हादसा कर दिया। ट्रक ने पहले चौराहे पर भाकियू नेता राजू पीनना की कार को टक्कर मार दी, जिससे उनकी कार पलटकर पास स्थित धर्मकांटे की दीवार से जा टकराई।
हादसे में दीवार क्षतिग्रस्त हो गई और राजू पीनना घायल हो गए।इसके बाद ट्रक आगे बढ़ते हुए सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे में टकराया और फिर अशोक नामक व्यक्ति के मकान में जा घुसा। टक्कर की तीव्रता से मकान का छज्जा टूट गया और नीचे बने दुकान का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। इसी दौरान मकान के ऊपरी हिस्से में मौजूद सुमन नाम की महिला नीचे गिरकर घायल हो गई।
यह भी पढ़ें: Meerut News Today Live: मेरठ और आसपास की ताजा और अहम खबरें, पढ़ें 1 नवम्बर को आपके शहर में क्या हुआ
ग्रामीणों के अनुसार, दुर्घटना के समय ट्रक के आगे एक व्यक्ति लटका हुआ था जो बचाव की गुहार लगा रहा था। ट्रक के मकान में टकराने पर वह मलबे में दब गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की शिनाख्त अभी नहीं हो पाई है। आशंका है कि ट्रक चालक ने पहले किसी और स्थान पर उसे टक्कर मारी और वह वाहन के अगले हिस्से में फंस गया था।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मलबे को हटाकर मृतक को बाहर निकाला। घायल भाकियू नेता राजू पीनना और महिला को अस्पताल भिजवाया गया है। पुलिस ने ट्रक चालक और परिचालक को हिरासत में लेकर वाहन को कब्जे में ले लिया है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।