दो बच्चों की हत्या: मुस्कान का प्रेमी जुनैद गिरफ्तार, पूछताछ में बताई बच्चों की मौत की ये वजह
मासूम अरहान और अनाया की जहरीले रसगुल्ले खिलाकर हत्या करने वाली मां की गिरफ्तारी के बाद उसके प्रेमी जुनैद को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने तीन टीमें बनाकर आरोपी को पकड़ा है। आगे की कार्रवाई जारी है।
विस्तार
मुजफ्फरनगर के भोपा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। गांव रुड़कली तालाब अली में चार साल के अरहान और एक साल की अनाया की हत्या के आरोपी जुनैद को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले मां मुस्कान को जेल भेजा जा चुका है।
बताया गया कि मुस्कान और जुनैद रिश्तेदार हैं और दोनों के बीच प्रेम संबंध था। दोनों निकाह करना चाहते थे, लेकिन जुनैद ने बच्चों को स्वीकारने से मना कर दिया। इसी के चलते दोनों ने मिलकर बच्चों की हत्या की योजना बनाई।
गुरुवार को जुनैद रसगुल्ले और जहरीला पदार्थ लेकर गांव पहुंचा और बच्चों को खिला दिया। कुछ ही देर में उनकी हालत बिगड़ गई और अस्पताल में दोनों ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने महिला को जेल भेज दिया है और जुनैद की गिरफ्तारी के लिए तीन टीम बनाई गई थी। अब उसे भी पकड़ लिया गया है।
घर में दो बच्चों का जन्म हुआ तो पिता पर कमाने की जिम्मेदारी भी बढ़ गई। वेल्डिंग के लिए वह हरियाणा , दिल्ली और यूपी के अलग-अलग क्षेत्र में जाता रहता था। शौहर घर से बाहर रहने लगा तो मुस्कान को फिर पुराने प्रेमी की याद आई। दोनों फिर मिले तो जीने-मरने की कसमें खाने लगे।
जुनैद लेकर पहुंचा था जहर और रसगुल्ले
साजिश रचने के बाद गुरुवार को जुनैद ही रुड़कली तालाब अली में रसगुल्ले और जहरीला पदार्थ लेकर पहुंचा था। मुस्कान ने जहरीली गोलियां बनाकर रसगुल्लों के बीच में रख दी। मां ने रसगुल्ले दिए तो दोनों मासूमों ने खा लिए और फिर मौत की नींद सो गए। आरोपी एक घंटे तक घर में रूका था। जहर कौन सा था, उसे कहां से खरीदा था। इस बारे में जांच की जा रही है।
गुम हुआ मोबाइल मिला, सीडीआर निकलवाएगी पुलिस
दोनों बच्चों की मौत के बाद एकाएक गुम हुआ मुस्कान का मोबाइल भी बरामद हो गया है। आरोपी ने पहले अपना मोबाइल खो जाना बताया था। जिसे पुलिस ने तलाश लिया है। पुलिस का कहना है कि मोबाइल की सीडीआर निकलवाई जा रही है।