Muzaffarnagar: घर में घुसा बदमाश, भाकियू नेता की पत्नी को आतंकित कर 50 हजार और सोने की चेन लूटी
एक बदमाश भाकियू नेता के घर में घुस गया और पत्नी को आतंकित कर 50 हजार रुपये और सोने की चेन लूटकर फरार हो गया।
विस्तार
भारतीय किसान यूनियन के मोरना ब्लाक उपाध्यक्ष विनीत चौधरी के घर में मंगलवार की सुबह एक बदमाश घुस गया। चाकू के बल पर उनकी पत्नी को आतंकित किया। मासूम बेटी की हत्या की धमकी देकर 50 हजार रुपये और सोने की चेन लूट कर फरार हो गया। आरोप है कि सूचना देने पर मोरना चौकी प्रभारी ने मौके पर जाना गंवारा नहीं समझा। भोपा थाने को सूचना देने पर पुलिस पहुंची। देर शाम एसओजी ने भी जानकारी ली। बैंक के सीसीटीवी कैमरे में बाइक सवार बदमाश का चेहरा कैद हो गया है।
भारतीय किसान यूनियन के मोरना ब्लाक उपाध्यक्ष विनीत चौधरी मोरना की शिक्षक कॉलोनी में परिवार के साथ रहते हैं। मंगलवार सुबह वह खेतों पर गए थे। घर पर उनकी माता संतोष और पत्नी सोनम अपनी ढाई साल की बेटी के साथ मौजूद थी। सुबह सवा दस बजे एक युवक मास्क लगाकर घर में घुस गया और चाकू दिखाकर सोनम को आतंकित किया। बेटी की हत्या करने की धमकी दी और टीवी स्टैंड की रेक में रखे 50 हजार रुपये की नगदी व गले में पड़ी सोने की चेन लूट ली।
इस घटना से चंद मिनट पहले ही भाकियू नेता की माता पड़ोस में चली गई थी। लूट के बाद बदमाश भाग गया। इसके बाद सोनम ने पति को सूचना दी। विनीत ने मोरना पुलिस चौकी पर पहुंच कर घटना की जानकारी दी। उनका आरोप है कि चौकी इंचार्ज ने उनसे अनर्गल सवाल करते हुए लापरवाही दिखाई और मौके पर नहीं गए। भाकियू जिलाध्यक्ष योगेश शर्मा ने थाना भोपा पर घटना की सूचना दी। इसके बाद भोपा पुलिस ने मौके पर जाकर घटना की जानकारी की।
यह भी पढ़ें: डबल मर्डर: मां-बेटे को मारते वक्त नहीं कांपे बदमाशों के हाथ, आठ माह की गर्भवती थी शिखा, अफसरों में मचा हड़कंप
पांच मिनट में ही वारदात कर भाग गया बदमाश
घटनास्थल से चंद कदम की दूरी पर एक बैंक के सीसीटीवी में बदमाश का चेहरा कैद हो गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर बदमाश की तलाश शुरू की है। एसओजी प्रभारी राजकुमार शर्मा ने भी मामले की जानकारी ली। बताया कि बदमाश ने 10:34 बजे घर में घुसा और 10:39 बजे वारदात कर बाइक से भाग गया। थाना प्रभारी बिजेंद्र सिंह रावत का कहना है कि तहरीर मिल गई है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाश की तलाश की जा रही है।
यह भी पढ़ें: बैंक मैनेजर के घर मातम: फूट-फूटकर रोया भाई PCS अफसर, बिलखते हुए कही बड़ी बात, जल्द खुलेगा खौफनाक राज
प्रदर्शन की चेतावनी
भाकियू के मोरना ब्लॉक अध्यक्ष विकास ने बताया विनीत चौधरी के घर में हुई लूट पुलिस की लापरवाही दर्शाती हैं। जल्द घटना न खुली तो थाने पर प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने मोरना पुलिस चौकी के लापरवाह दरोगा को सस्पेंड करने की भी मांग की।