मुजफ्फरनगर। प्रदेश के कौशल विकास राज्यमंत्री कपिलदेव अग्रवाल ने सामाचार पत्र वितरकों, एजेंटों एवं हॉकरों को समस्याओं का निराकरण करने का आश्वासन दिया है।
शनिवार सुबह झांसी की रानी स्थित देवेंद्र खरबंदा के प्रतिष्ठान पर समाचार पत्र वितरक संगठन की पहल पर उनके बीच पहुंचे। कपिल देव अग्रवाल ने समाचार पत्र वितरकों, एजेंटों एवं हॉकरों से बातचीत की और उनकी समस्याओं को जाना। उन्होंने आश्वासन दिया कि रविवार सुबह नौ बजे जिला पंचायत के सभागार में समाचार पत्र वितरकों को कंबलों का वितरण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि वितरण स्थल पर अलाव जलाए जाएंगे और सड़क पर प्रथ प्रकाश की व्यवस्था कराई जाएगी। समाचार पत्र वितरकों ने उन्हें बताया कि कुछ असामाजिक तत्व आए दिन उन्हें गाली गलौज कर परेशान करते है और उनके अखबार और साइकिल छीनने की धमकी देते हैं। जिस पर मंत्री ने कहा कि ऐसे तत्वों को चिह्नित कर उनकी लिखित में सूचना जिला प्रशासन और उन्हें दें, ताकि वे समुचित कार्यवाही करा सके। यहां पर समाचार पत्र वितरक देवेंद्र खरबंदा ने अपने सहयोगियों के साथ राज्यमंत्री का माल्यार्पण कर स्वागत किया। इस मौके पर समाचार पत्र वितरक वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष राजवीर सिंह, सचिव रमेश गर्ग, कोषाध्यक्ष प्रवीन सैनी, चीफ एडवाइजर संजय अग्रवाल, राजेश सैनी, सुशील, केपी सिंह, राजेश गर्ग, वरुण, अरविंद, अनिल, राहुल, मामचंद, अंकित शामिल रहे। मंत्री के साथ वरिष्ठ भाजपा नेता शिवराज सिंह त्यागी भी रहे। देवेंद्र खरबंदा ने उनका आभार जताया।