मीरापुर उपचुनाव: ग्रामीण बोले-जनता के मुद्दों का समाधान कराने वाला चाहिए विधायक, क्षेत्र में होनी चाहिए रोजगार
मीरापुर में उपुनाव की तारीख जैसे जैसे नजदीक आ रही है। वैसे ही यहां सियासी हलचल तेज हो गई है। विधानसभा के गांव भोपा के ग्रामीणों का कहना है कि हमें अपने मतों का प्रयोग सोच समझकर करना चाहिए। हमारा विधायक गांव की समस्याओं से निजात दिलाने वाला और रोजगार दिलाने वाला होना चाहिए।
विस्तार
मीरापुर उपचुनाव के लिए पूर्व सांसद कादिर राना के बेटे शाह मोहम्मद राना ने अपना निर्दलीय नामांकन वापस ले लिया है। अब चुनाव मैदान में 11 प्रत्याशी रह गए हैं। उपचुनाव के लिए 13 नवंबर को मतदान होना है।
कलक्ट्रेट के बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी के न्यायालय में पूर्व सांसद के बेटे ने अपना नामांकन वापस ले लिया है। चुनाव अधिकारी एसडीएम जानसठ सुबोध कुमार ने बताया कि तीन प्रत्याशी निर्दलीय हैं। आठ प्रत्याशी विभिन्न दलों से हैं। प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न आवंटन भी कर दिए गए।
मीरापुर उपचुनाव के लिए कूकड़ा मंडी में स्ट्रांग रूम बनाया गया है। प्रशासन की टीम ने मंडी में स्ट्रांग रूम की तैयारियों का निरीक्षण किया। बिजली, पानी, शौचालय, फर्नीचर, सीसीटीवी कैमरे और सुरक्षा व्यवस्था परखी। एडीएम प्रशासन ने व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
एडीएम प्रशासन नरेंद्र बहादुर सिंह और सिटी मजिस्ट्रेट विकास कश्यप कूकड़ा मंडी पहुंचे। एडीएम ने बताया कि स्ट्रांग रूम के दायरे में सीसीटीवी कैमरी की व्यवस्था एवं निगरानी की व्यवस्था पूरी करने के निर्देश दिए हैं। साफ–सफाई‚ पार्किंग, बिजली आपूर्ति‚ पानी‚ शौचालय व फर्नीचर की उचित व्यवस्थाओं को पूर्ण करने के लिए निर्देशित किया गया। उचित बैरिकेडिंग एवं सुरक्षा बल की तैनाती की जाएगी।
मीरापुर उपचुनाव: ग्रामीण बोले-जनता के मुद्दों का समाधान कराने वाला चाहिए विधायक
मीरापुर विधानसभा के गांव भोपा के ग्रामीणों का कहना है कि चुनाव में हमें अपने मतों का प्रयोग सोच समझकर करना चाहिए। जात-पात से ऊपर उठकर ऐसे विधायक का चयन करें, जो जनता और जनता की समस्याओं का समाधान कर सकें। क्षेत्र में स्वास्थ्य, विकास और शिक्षा से जुड़ी समस्याओं का निस्तारण करा सकें।
हवाई वादे नहीं करने चाहिएं : सुरेंद्र
युवा समाजसेवी सुरेंद्र बालियान कहते हैं कि प्रत्याशी किसी भी पार्टी का हो, ऐसा नही होना चाहिए जो जीत के लिए हवा हवाई वादे करे और विजय प्राप्त कर हवा हवाई हो जाए। क्षेत्र की मोरना चीनी मिल के विस्तारीकरण की बड़ी समस्या है। निस्तारण करा सके।
जातिवाद से ऊपर उठकर करें काम : शर्मा
दुष्यंत शर्मा कहते हैं कि ऐसा विधायक चाहिए, जो जात-पात से ऊपर उठकर क्षेत्र का विकास करे और जनता से सीधा संवाद रखे। भोपा में स्वास्थ्य सेवाएं और बढ़ाए जाने की आवश्यकता है। इस और ध्यान दे सके।
क्षेत्र में बनाए शिक्षा का माहौल : रजी हैदर
रजी हैदर उर्फ बब्बन का कहना है कि शिक्षा, रोजगार आदि मुद्दों के प्रति गंभीर सोच रखने के साथ ही ऐसे मुद्दों को विधानसभा में उठाने वाला प्रत्याशी होना चाहिए। क्षेत्र में मार्ग से जुड़ी कई समस्याएं हैं,उनका निस्तारण करा सके। कई जगह पर बसों का संचालन बंद हैं, इसे शुरू करा सके।
वादों पर खरा उतरे विधायक : ओमप्रकाश
भोपा निवासी ओमप्रकाश कहते हैं कि प्रत्याशी ऐसा हो, जो लोगों की पीड़ा को समझता हो। विधायक को अपने वादों पर खरा उतरना चाहिए।